भोपाल में केरवा डैम रोड और इंदौर हाईवे पर एक्शन; रूफटॉप कैफे से लाखों की शराब जब्त; 2 तस्कर भी गिरफ्तार
बैरागढ़ क्षेत्र के आकाश रिट्रीट होटल के रूफटॉप स्कायवा रेस्टोरेंट में एफएल-5 लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के बाद भी मदिरापान कराने का मामला सामने आया। यहां से करीब 1.65 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब, स्प्रिट और बीयर जब्त की गई।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 12:30:41 PM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 01:15:59 PM (IST)
भोपाल में होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। सौ- विभागHighLights
- होटल-रेस्टोरेंट में छापेमारी, 40 प्रकरण दर्ज
- एक्सपायर लाइसेंस पर परोसी जा रही थी शराब
- केरवा डैम रोड और इंदौर रोड पर छापेमार कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में देर रात तक अवैध रूप से शराब परोसने और उसका सेवन कराने वाले होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ दबिश देकर 40 से अधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध मदिरा और तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है।
यह कार्रवाई उपायुक्त आबकारी संभाग केसी अग्निहोत्री एवं सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन और कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में की गई।
एक्सपायर लाइसेंस पर मिली शराब
सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके की टीम ने बैरागढ़ क्षेत्र में इंदौर-भोपाल मार्ग पर संचालित होटल आकाश रिट्रीट के रूफटॉप स्कायवा रेस्टोरेंट की जांच की। यहां एफएल-5 लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से मदिरापान कराया जा रहा था।
मौके से 49.8 बल्क लीटर विदेशी शराब, स्प्रिट और बीयर जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 1.65 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा इसी क्षेत्र के कर्व, द आर्क, क्लब कबाना और वायु रेस्टोरेंट पर भी जांच कर कार्रवाई की गई।
केरवा डैम रोड पर 40 प्रकरण
इधर, सहायक जिला आबकारी अधिकारी शरद मिश्रा की टीम ने केरवा डैम रोड स्थित वारी, कंट्रीसाइड मीडोज, सवाया, वाइन और गुरु रेस्टोरेंट्स में शनिवार देर रात दबिश दी। यहां अवैध शराब पिलाने व पीने वालों के खिलाफ कुल 40 प्रकरण दर्ज किए गए।
वहीं, सहायक जिला आबकारी अधिकारी सीमा कशीसिया की टीम ने संजय नगर शाहजहानाबाद निवासी अरुन परोचे और मुजफ्फर उल्लाह को पल्सर बाइक पर अवैध देशी मदिरा की तस्करी करते पकड़ा। करीब 97 हजार 500 रुपये मूल्य की शराब व बाइक जब्त की गई।
जिले में अवैध शराब के संग्रहण, बिक्री और अवैध मदिरापान पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए यह सघन अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।- वीरेंद्र कुमार धाकड़, सहायक आबकारी आयुक्त