
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एमपी नगर में बोर्ड ऑफिस के पास स्थित कीलन देव टावर में शुक्रवार रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। रात करीब 9:30 बजे टावर की दसवीं मंजिल पर आग की लपटें उठती देख रहवासी घबरा गए। कुछ ही देर में पूरी इमारत में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग से निकला धुआं आसपास के फ्लैटों में भरने लगा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टावर में लगी आग का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ।
आग की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से नगर निगम के फायर कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद यातायात पार्क सहित अन्य फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किए गए। हालांकि, रहवासियों के बीच दमकल के देर से पहुंचने को लेकर चर्चा रही। आग की वजह से पेंटहाउस में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, कीलन देव टावर के सी ब्लॉक में कुल 52 फ्लैट हैं। इसी इमारत की दसवीं मंजिल पर मेडिकल काउंसिल का गेस्ट हाउस भी है। वहीं, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम जैन इसी फ्लोर पर स्थित दूसरे पेंटहाउस में रहते हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में दिव्यांगजनों को बड़ी राहत, सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में पार्किंग फ्री, बस किराए में 50% छूट
आग लगने के बाद टावर के नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग नीचे खड़े होकर आग की लपटों और धुएं का वीडियो बनाते नजर आए। इमारत के फ्लैटों में धुआं भरने के कारण दमकलकर्मियों को भी आग बुझाने के दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी।
नगर निगम के फायर ऑफिसर सौरभ कुमार पटेल ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल वाहनों को मौके पर रवाना कर दिया गया था। टावर में हाइड्रोलिक सिस्टम लगा होने के कारण आग पर काबू पाने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। दमकलकर्मियों ने पानी की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया। आग कैसे लगी फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है, शॉर्ट सर्किट का अंदाजा लगाया जा रहा है।