भोपाल में पूर्व मुख्य सचिव की बहू पर शिव मंदिर पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, मामला दर्ज
भोपाल के आम्रपाली एनक्लेव में पार्क विकास कार्य और शिव मंदिर निर्माण को लेकर विवाद हुआ। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Publish Date: Mon, 27 Jul 2026 04:19:33 PM (IST)Updated Date: Tue, 28 Jul 2026 09:13:37 AM (IST)
पूर्व मुख्य सचिव एबी सिंह की बहू उजमा राजा उर्फ अंजली का सोसाइटी अध्यक्ष से विवाद हुआ, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियोग्रेबHighLights
- भोपाल के आम्रपाली एनक्लेव में पार्क विकास कार्य और शिव मंदिर निर्माण को लेकर विवाद
- पूर्व मुख्य सचिव एबी सिंह की बहू उजमा राजा उर्फ अंजली का सोसाइटी अध्यक्ष की हुई नोकझोंक
- वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, दोनों पक्षों ने सार्वजनिक टिप्पणी करने से इनकार किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के आम्रपाली एनक्लेव में पार्क के विकास कार्य और शिव मंदिर निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। पूर्व मुख्य सचिव एबी सिंह की बहू उजमा राजा उर्फ अंजली ने पार्क में चल रहे विकास कार्य का विरोध करते हुए शिव मंदिर पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पार्क और पाथ-वे को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, अंजली के घर के सामने स्थित पार्क में पाथ-वे (पैदल मार्ग) का निर्माण किया जा रहा था। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इसी स्थान पर उनकी गाड़ियां पार्क होती थीं, जिसके चलते सोसाइटी की अध्यक्ष मोहक शर्मा और अंजली के बीच विवाद हो गया।
इस दौरान विकास कार्य में कुछ समय के लिए बाधा भी आई, हालांकि अब पार्क का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है।
चार दिन पहले का है मामला
रहवासियों के मुताबिक, यह विवाद चार दिन पहले हुआ था। पार्क परिसर में बनाए गए शिव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा शनिवार को संपन्न हुई । इस पूरे घटनाक्रम पर सोसाइटी की अध्यक्ष मोहक शर्मा और अंजली, दोनों ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
विवाद के बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अंजली कुछ लोगों के साथ बहस करती दिखाई दे रही हैं, जबकि मौके पर मौजूद लोग उनका वीडियो बना रहे हैं। वीडियो में मंदिर और पार्क के विकास कार्य को लेकर तीखी नोकझोंक दिखाई देती है।
इस दौरान उनके परिजन और परिचित उन्हें समझाने का प्रयास भी करते नजर आ रहे हैं।