
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नोएडा निवासी त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के हाई प्रोफाइल मामले में सीबीआइ ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने मामले के मुख्य आरोपित समर्थ सिंह और उनकी मां, पूर्व जज गिरिबाला दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। कोर्ट से जेल वारंट जारी होने के बाद, दोपहर ठीक 3:39 बजे सीबीआइ की टीम दोनों आरोपितों को अलग-अलग गाड़ियों में लेकर गांधीनगर सेंट्रल जेल पहुंची।
जेल के मुख्य द्वार पर नियमों के मुताबिक सुरक्षाकर्मियों ने पूर्व जज को कार से उतरकर पैदल अंदर जाने को कहा। लेकिन बाहर मीडियाकर्मियों की भारी मौजूदगी को देखकर गिरिबाला सिंह ने नाराजगी जताई और कार से उतरने से इनकार कर दिया। जब मीडिया ने कार के शीशे से उनकी तस्वीरें लेनी शुरू कीं, तो वह पानी की बोतल से इशारा कर उन्हें हटाने लगीं।
उन्होंने सीबीआइ अधिकारियों पर सीधे जेल के अंदर गाड़ी ले जाने का दबाव बनाया, जिसे जेल प्रशासन ने नियमों का हवाला देकर मना कर दिया। आखिरकार कार को बैक करके मुख्य दरवाजे से लगाया गया, जिसके बाद वे उतरकर सीधे जेल अधीक्षक के कक्ष में चली गईं। उनके पीछे उनका बेटा समर्थ भी अंदर गया।
जेल दाखिले के बाद पूर्व जज गिरिबाला सिंह को बंदी नंबर 71/26 आवंटित कर "अ खंड" के महिला वार्ड में रखा गया है। वहीं, उनके बेटे समर्थ सिंह को बंदी नंबर 1782/26 देकर "ब खंड" के मेडिकल वार्ड में शिफ्ट किया गया है। इस मूवमेंट के दौरान जेल प्रबंधन पर भारी दबाव देखा गया। जेल अधीक्षक को करीब सात फोन किए गए, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया।
फिर उनके मोबाइल नंबर पर संदेश लिखकर भेजा गया, जिसका भी जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद उप जेल अधीक्षक मंगनु सिंह मरावी ने भी इस मामले पर मीडिया के फोन और संदेशों से पूरी तरह दूरी बनाए रखी और उन्होंने अपना फोन बंद कर लिया।
यह भी पढ़ें- 'कार में बैठकर अंदर जाऊंगी...' जेल जाते ही पूर्व जज गिरिबाला ने दिखाया रसूख, बोलीं- CBI से बात कराओ
हम बता दें कि गत 12 मई को त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत हुई थी। अब सीबीआइ ने त्विषा को शादी के समय मिले सोने के उपहारों (स्त्रीधन) को जब्त कर लिया है। जेवरातों की शुद्धता और मौजूदा कीमत के मूल्यांकन के लिए एक जौहरी को भी तलब किया गया है। इस जब्ती को केस डायरी में दहेज प्रताड़ना और वित्तीय साक्ष्य के रूप में शामिल किया जाएगा। एजेंसी ने घटना के वक्त घर में मौजूद रिश्तेदार और रसोइए के बयान भी दर्ज कर लिए हैं।