
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शैक्षणिक सत्र 2026-27 समाप्त होने में सिर्फ चार महीने बाकी हैं, लेकिन प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक के करीब 55 लाख विद्यार्थियों को अब तक गणवेश की राशि नहीं मिली है। इसके चलते बच्चे रंग-बिरंगे कपड़े पहनकर स्कूल पहुंच रहे हैं। इस साल पहले तैयार गणवेश वितरित करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन टेंडर प्रक्रिया निरस्त होने के बाद सितंबर में विद्यार्थियों को सीधे राशि देने का निर्णय लिया गया। इसके बावजूद भुगतान की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
प्रदेश में गणवेश वितरण के लिए प्रति विद्यार्थी 600 रुपये दिए जाते हैं। इस राशि से प्रत्येक बच्चे को दो जोड़ी गणवेश उपलब्ध कराई जानी है। विद्यार्थियों की संख्या करीब 55 लाख होने के कारण इस योजना पर सालाना लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च होते हैं।
इस बार पाठ्य पुस्तक निगम की यूनिट को गणवेश खरीदी की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में विवाद के चलते खरीदी निरस्त करनी पड़ी। इसके बाद राशि सीधे विद्यार्थियों के खातों में भेजने का फैसला हुआ, लेकिन प्रोफाइल अपडेशन का कार्य 69 फीसद पूरा हुआ है, इस कारण भुगतान अटका है।
यह भी पढ़ें- MP Weather: एमपी के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट, कोहरे की भी चेतावनी, मंगलवार से फिर पड़ेगी कड़ाके की सर्दी
राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से 12 नवंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार भोपाल समेत प्रदेश के 13 जिलों में विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेशन का काम शून्य है। इन जिलों में अब तक एक भी विद्यार्थी का प्रोफाइल अपडेट नहीं हुआ है। दूसरी ओर विदिशा, निवाड़ी, नरसिंहपुर, बुरहानपुर, टीकमगढ़ और शाजापुर में शत-प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
इस प्रकार छह जिलों ने पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली है, जबकि 13 जिलों में काम शुरू तक नहीं हुआ है। शेष जिलों में प्रक्रिया अलग-अलग स्तर पर जारी है। खंडवा जिले में सिर्फ 11 फीसद अपडेशन कार्य हुआ है। वहीं बालाघाट में 79 फीसद हुआ है। प्रोफाइल अपडेट होने के बाद ही विद्यार्थियों के खातों में 600 रुपये की राशि भेजी जा सकेगी।
कुछ जिलों में प्रोफाइल अपडेशन का कार्य अधूरा है। जल्द ही अपडेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। विद्यार्थियों के खाता में जल्द ही राशि प्रदान की जाएगी।- कंचन जावला, अपर मिशन संचालक, राज्य शिक्षा केंद्र