MP के रेल यात्रियों को सौगात: हुबली-ऋषिकेश एक्सप्रेस अब नियमित नंबर से चलेगी, भोपाल-इटारसी को सीधा फायदा
रेलवे ने हुबली-योग नगरी ऋषिकेश साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित (17363/17364) कर दिया है। जुलाई से शुरू होने वाली इस सेवा से भोपाल, इटारसी और बीना सहि ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 30 May 2026 09:16:56 PM (IST)Updated Date: Sat, 30 May 2026 09:16:56 PM (IST)
ऋषिकेश, हरिद्वार, कर्नाटक जाने वाले यात्रियों के लिए बढ़ेगी सुविधा।HighLights
- ऋषिकेश, हरिद्वार, कर्नाटक जाने वाले यात्रियों के लिए बढ़ेगी सुविधा
- अब नियमित नंबर से चलेगी हुबली-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस
- भोपाल, रानी कमलापति और बीना के यात्रियों को होगा सीधा फायदा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गाड़ी संख्या 07363/07364 हुबली-योग नगरी ऋषिकेश साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब 17363/17364 हुबली-योग नगरी ऋषिकेश साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित नंबर से संचालित करने का निर्णय लिया है।
यह ट्रेन हुबली से छह जुलाई और योग नगरी ऋषिकेश से नौ जुलाई से नियमित रूप से चलेगी। इससे भोपाल मंडल के हजारों यात्रियों को स्थायी और भरोसेमंद रेल सुविधा मिलेगी।
भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी और बीना के यात्रियों को होगा फायदा
यह ट्रेन भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों रानी कमलापति, इटारसी, हरदा और बीना से होकर गुजरती है। नियमित नंबर मिलने के बाद यात्रियों को ट्रेन के संचालन को लेकर अनिश्चितता का सामना नहीं करना पड़ेगा। धार्मिक, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के लिए उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और कर्नाटक के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से ऋषिकेश और हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह ट्रेन सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।
ट्रेन का समय और रूट चार्ट
गाड़ी संख्या 17363 हुबली-योग नगरी ऋषिकेश साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को शाम 7:45 बजे हुबली से रवाना होगी और अगले दिन हरदा, इटारसी, रानी कमलापति तथा बीना होते हुए तीसरे दिन रात 11:30 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी।
वहीं 17364 योग नगरी ऋषिकेश-हुबली एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार सुबह 6:15 बजे ऋषिकेश से प्रस्थान करेगी और बीना, रानी कमलापति, इटारसी एवं हरदा होते हुए तीसरे दिन सुबह 6:30 बजे हुबली पहुंचेगी।
16 कोच के साथ मिलेगी बेहतर यात्रा सुविधा
ट्रेन में कुल 16 कोच रहेंगे, जिनमें एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, छह शयनयान, चार सामान्य श्रेणी, एक जनरेटर कार और एक एसएलआरडी कोच शामिल होगा। इससे विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को उनकी जरूरत के अनुसार यात्रा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।