विदिशा में लाइसेंसी बंदूक से बुजुर्ग ने खुद को गोली मारकर दी जान, घरवालों ने कहा- बीमारी से परेशान रहते थे
शहर के पूरनपुरा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां 62 वर्षीय बुजुर्ग ने कथित रूप से अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्म ...और पढ़ें
By Ajay JainEdited By: bhupendra Singh Rajput Publish Date: Mon, 18 May 2026 11:59:10 AM (IST)Updated Date: Mon, 18 May 2026 11:59:10 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- पूरनपुरा क्षेत्र में 62 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी
- घटनास्थल से लाइसेंसी 12 बोर बंदूक बरामद
- गंभीर बीमारी और मानसिक तनाव को माना जा रहा वजह
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। शहर के पूरनपुरा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 62 वर्षीय बुजुर्ग ने कथित रूप से अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार घटना का पता उस समय चला जब सुबह करीब 7 बजे कुछ बच्चे मैदान में क्रिकेट खेलने पहुंचे। बच्चों ने देसी शराब दुकान के पीछे खुले मैदान में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसके बाद आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान आज्ञाराम कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय अतुल चतुर्वेदी के रूप में हुई है। बताया गया है कि वे शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। घटनास्थल से उनकी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक भी बरामद हुई है।
बीमारी से परेशान था बुजुर्ग
परिजनों के मुताबिक अतुल चतुर्वेदी लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। पुलिस को आशंका है कि बीमारी और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना देर रात 3 से 4 बजे के बीच की प्रतीत हो रही है। मृतक रातभर घर नहीं लौटे थे, जिसके बाद सुबह उनका शव मिला। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और बंदूक को जब्त कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।- राजपाल सिंह जादौन, थाना प्रभारी, सिविल लाइन।