
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अशोका गार्डन क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बार फिर गैंगवार की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी। कुख्यात बदमाश लल्लू रईस के घर पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में लल्लू रईस का बेटा इमरान घायल हो गया, जिसके पैर में गोली लगी है। हमलावरों ने घायल इमरान का पीछा करते हुए हमीदिया अस्पताल परिसर में भी फायरिंग की, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे ऐशबाग का बदमाश शादाब गेट अपने साथियों के साथ शंकर गार्डन स्थित लल्लू रईस के घर पहुंचा। उसके साथ शावर, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज सहित 8 से 10 लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आरोपित पहले से ही इमरान का पीछा कर रहे थे। जैसे ही इमरान अपने घर पहुंचा, आरोपितों ने पीछे से उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जान बचाने के लिए इमरान तेजी से घर के अंदर घुस गया और गेट बंद कर लिया। इसी दौरान चली एक गोली उसके पैर पर लग गई, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबारी को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
घायल इमरान को तत्काल इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि हमलावर अस्पताल तक भी पहुंच गए और वहां भी फायरिंग की। इस दौरान अस्पताल की खिड़की और दीवार पर गोलियां लगीं, जिससे अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस फायरिंग में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ। लल्लू रईस ने आरोप लगाया कि अस्पताल में भी उस पर फायरिंग की गई। उसने बताया कि बदमाश उन्हें जान से मारने की नीयत से आए थे, लेकिन गनीमत रही कि उन्हें कोई गोली नहीं लगी।
घटना को लेकर लल्लू रईस ने बताया कि करीब दो साल पहले इमरान का शादाब गेट के भाई से विवाद हुआ था। उस दौरान हुए हमले में शादाब के भाई की उंगलियां कट गई थीं। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया है। लल्लू रईस का यह भी आरोप है कि हमलावर शहर के अलग-अलग इलाकों में जुआ और सट्टे का अवैध कारोबार चलाते हैं और उसे कई बार उसने उजागर भी किया है।
यह भी पढ़ें- शादी करने से मना किया तो युवक ने लड़की का किया अपहरण, पुलिस ने घेराबंदी कर युवती को छुड़ाया, 3 गिरफ्तार
अशोका गार्डन और कोहेफिजा दोनों थानों में केस दर्ज किया गया है। अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल का कहना है कि घटनास्थल से जिंदा कारतूस और गोलियों के खोखे जब्त किए गए हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।