
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रक्षाबंधन से पहले राजधानी के सीएनजी वाहन चालकों को महंगाई का झटका लगा है। थिंक गैस ने सीएनजी की कीमत में 1.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। शनिवार 22 अगस्त की सुबह छह बजे से नई दर 97.50 रुपये प्रति किलो लागू हो गई। कीमत बदलने की प्रक्रिया के चलते कंपनी ने सुबह 5:40 से 6:10 बजे तक बिक्री रोकने के निर्देश दिए थे।
भोपाल में थिंक गैस के करीब 31 सीएनजी स्टेशन हैं। इनमें मैनिट, नीलबड़, होशंगाबाद रोड और बैरागढ़ रोड सहित कई क्षेत्र शामिल हैं। कंपनी द्वारा संचालित पंपों पर सीएनजी की दर करीब 97 रुपये प्रति किलो, जबकि डीलरशिप वाले स्टेशनों पर 97.50 रुपये प्रति किलो है। राजधानी के कुल 152 पेट्रोल पंपों में से करीब 12 पंपों पर सीएनजी की सुविधा भी उपलब्ध है।
सीएनजी के दामों में लगातार बढ़ोतरी से वाहन चालकों का बजट प्रभावित हो रहा है। जून में जहां सीएनजी करीब 94.55 रुपये प्रति किलो थी, वहीं अब यह 97.50 रुपये तक पहुंच गई है। पिछले कुछ महीनों में कीमत में करीब 10 रुपये प्रति किलो तक का अंतर बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- खंडवा में बस से उतरकर सड़क पार कर रहा था छात्र, पिकअप ने कुचला, मौके पर ही मौत
कीमत बढ़ने के बावजूद भोपाल में सीएनजी वाहनों की बिक्री तेजी से बढ़ी है। पिछले तीन वर्षों में इनकी बिक्री करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ी है। शोरूम से रोजाना औसतन 10 से 15 सीएनजी वाहन बिक रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की तुलना में बेहतर माइलेज और अपेक्षाकृत कम ईंधन खर्च इसकी बड़ी वजह है।