कुरकुरे के पैकेट के भीतर 'नशे' का खेल! भोपाल में STF ने किया कफ सिरप के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गांधी नगर स्थित पटेल सिटी में संचालित अवैध कफ सिरप फैक्ट्री मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने लंबे समय से फर ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 14 Jun 2026 10:31:59 AM (IST)Updated Date: Sun, 14 Jun 2026 10:31:59 AM (IST)
भोपाल में एसटीएफ ने किया कफ सिरप के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश (सांकेतिक तस्वीर)HighLights
- भोपाल में एसटीएफ ने किया कफ सिरप के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश
- पुलिस को छकाने के लिए 'कुरकुरे' के नीचे छिपाते थे नशीला सिरप
- महाकौशल और विंध्य में फैला था नशीले सिरप का यह अनोखा नेटवर्क
डिजिटल डेस्क, भोपाल। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गांधी नगर स्थित पटेल सिटी में संचालित अवैध कफ सिरप फैक्ट्री मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार पांच इनामी आरोपियों को बैतूल, दिल्ली, इंदौर और सीहोर से दबोच लिया है, जिन पर कुल 80 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पकड़े गए आरोपियों में 30 हजार का इनामी अर्जुन मालवीय, 20-20 हजार के इनामी शिवांग टिटोरिया व नीरज चेलानी, और 5-5 हजार के इनामी नवाब खान व शरीफ खान शामिल हैं। इस मामले में अब तक कुल 10 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
एसटीएफ ने मई के आखिरी सप्ताह में इस गिरोह का भंडाफोड़ किया था, जो फर्जी फर्मों और दस्तावेजों के सहारे अवैध नशीले सिरप के कारोबार को वैध दिखाने का नाटक कर रहे थे। ये शातिर आरोपी पुलिस की नजरों से बचने के लिए 'ऑनरेक्स' और 'आफ कफ' सिरप की बोतलों को गाड़ियों में कुरकुरे के पैकेट्स के नीचे छिपाकर ले जाते थे। इनका नेटवर्क मुख्य रूप से जबलपुर, सतना सहित पूरे महाकौशल और विंध्य क्षेत्र में सक्रिय था, जहां नशीले सिरप की बड़ी खेप सप्लाई की जाती थी।
कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने फैक्ट्री और मुबारकपुर स्थित गोदाम पर छापेमारी कर अब तक कुल 73,104 कफ सिरप की बोतलें बरामद की हैं। इसके साथ ही सिरप बनाने और री-फिलिंग करने वाली मशीनरी समेत करीब 2.5 करोड़ रुपए का माल जब्त किया गया है।
गिरोह के सदस्य डमी फर्म चलाने, फैक्ट्री संचालन, पैकेजिंग और परिवहन व्यवस्था संभालने जैसी अलग-अलग भूमिकाओं में बंटे हुए थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।