
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने और शादी के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर खुद को ''''क्रिश जैन'''' बताने वाला युवक दिल्ली पहुंचने के बाद जुम्मन अंसारी निकला।
मस्जिद में शादी करने की बात सामने आते ही युवती को धोखे का एहसास हुआ और उसने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दोनों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर भोपाल पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और युवती को सकुशल वापस लाकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार निशातपुरा क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती की करीब एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी युवक से दोस्ती हुई थी। युवक ने अपनी पहचान क्रिश जैन बताई थी।
बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। युवती का विश्वास जीतने के लिए आरोपित कुछ समय पहले भोपाल के करोंद क्षेत्र में आकर रहने और काम करने लगा।
कुछ दिन पहले आरोपित युवती को मिलने के बहाने करोंद चौराहे पर बुलाकर भोपाल रेलवे स्टेशन ले गया, जहां से दोनों दिल्ली रवाना हो गए। इधर, युवती के घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने निशातपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। संदेह के आधार पर पुलिस को युवक और युवती के फोटो उपलब्ध कराए गए।
जिन्हें विभिन्न जीआरपी थानों के साथ साझा किया गया। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आरोपित ने युवती से मस्जिद में निकाह करने की बात कही, जिससे उसकी वास्तविक पहचान उजागर हो गई।
विरोध होने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। मौके पर मौजूद दिल्ली जीआरपी ने हस्तक्षेप किया और पुलिस के साझा किए गए फोटो के आधार पर दोनों की पहचान कर ली।
सूचना पर निशातपुरा पुलिस दिल्ली पहुंची और युवती को दस्तयाब कर आरोपित को भोपाल ले आई। निरीक्षक अनिल यादव ने बताया कि युवती की शिकायत पर जुम्मन अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।