भोपाल: बुल्गारिया में नौकरी का झांसा देकर लाखों ऐंठने वाला कथावाचक गिरफ्तार, थाने पहुंचे शिष्यों ने किया हंगामा
भोपाल में कथावाचक मुकेश शर्मा को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मुचलके पर छोड़ा। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 24 Apr 2026 09:58:14 PM (IST)Updated Date: Fri, 24 Apr 2026 09:58:14 PM (IST)
लाखों ऐंठने वाला कथावाचक गिरफ्तार। (AI से जेनरेट किया गया इमेज)HighLights
- लाखों ऐंठने वाला कथावाचक गिरफ्तार
- वीजा और फीस के नाम पर लिए डेढ़ लाख
- शिष्यों का विरोध और पुलिस की कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बैरागढ़ निवासी एक कथावाचक ने एक रंगकर्मी से डेढ़ लाख रुपये ले लिए। नौकरी नहीं मिलने पर रंगकर्मी ने पैसे वापस मांगे तो कथावाचक आनाकानी करने लगा। पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया था। शुक्रवार को पुलिस ने कथावाचक को गिरफ्तार कर मुचलके पर छोड़ दिया।
वीजा और फीस के नाम पर लिए डेढ़ लाख
पुलिस के अनुसार पंचवटी कालोनी निवासी कमलेश नाथानी का कथावाचक मुकेश शर्मा महाराज के यहां आना-जाना था। मुकेश ने कमलेश के पुत्र रितेश को बुल्गारिया में आकर्षक वेतन और शानदार सुविधाओं वाली नौकरी दिलवाने का भरोसा दिया। इसके लिए वीजा और फीस के नाम पर लगभग डेढ़ लाख रुपये ले लिए। जब नौकरी नहीं मिली तो कमलेश ने रुपये वापस मांगे लेकिन मुकेश महाराज ने रुपये देने से इनकार कर दिया।
शिष्यों का विरोध और पुलिस की कार्रवाई
आरोपित मुकेश शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। शुक्रवार को पुलिस ने मुकेश महाराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर उनके कई शिष्य थाने पहुंचे और गिरफ्तारी का विरोध करने लगे। थाना प्रभारी अशोक गौतम के अनुसार आरोपित से बयान लेकर मुचलके पर छोड़ा गया है।
कथावाचक ने आरोपों को नकारा
कथावाचक मुकेश शर्मा ने पुलिस को आवेदन देकर कहा है कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप गलत हैं। जो रुपये दिए गए थे यह वीजा और औपचारिकताएं पूरी करने में खर्च हो गए लेकिन कमलेश का पुत्र विदेश नहीं गया। कुछ रुपये दान में दिए गए थे। उन्होंने कहा कि मैं पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराऊंगा।