
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। 20 जुलाई से प्रारंभ हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र से एक दिन पहले 19 जुलाई को कैबिनेट की बैठक भोपाल जिले के जगदीशपुर (पूर्व के इस्लाम नगर) में होगी। इसमें समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक के प्रारूप पर चर्चा होगी। साथ ही सत्र के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले अन्य विधेयकों के प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी जाएगी।
कैबिनेट की बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यूसीसी विधेयक एक देश-एक विधान-एक प्रधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समिति ने रिपोर्ट सौंप दी है, जिसे आगामी कार्रवाई के लिए विधि एवं विधायी विभाग को दिया गया है। इसमें जो प्रविधान किए गए हैं, उन पर जगदीशपुर में होने वाली कैबिनेट की बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी।
प्रमुख प्रविधानों का प्रस्तुतीकरण भी करवाया जाएगा ताकि सभी को स्पष्टता रहे। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि वे अपने विभागों के विधेयक की समय से तैयारी पूरी कर लें। प्रश्नों के संदर्भ सहित सही उत्तर समय से दिए जाएं। भाजपा विधायक दल की बैठक 19 जुलाई को मुख्यमंत्री आवास में बुलाई गई है।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को बताया कि 12 जुलाई को इंदौर में 21 लाख पौधारोपण और 51 हजार वर्षा जल संचयन इकाइयों की स्थापना का शुभारंभ हुआ। यह महाभियान देश में उदाहरण बनेगा। पीथमपुर में किसान इरिगेशन की चौथी विनिर्माण इकाई तथा लिउगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के उद्घाटन, इंदौर में 11 जुलाई को हुए माय यूथ-माय प्राइड कांक्लेव में प्रदेश के डिजिटल इंफ्ल्यूएंसर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डिजिटल कंटेंट अवार्ड देने के निर्णय की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- नीमच में ट्रेन पलटाने की बड़ी साजिश? शरारती तत्वों ने ट्रैक पर बिछाया लोहे का जाल, ट्रेन के इंजन में फंसा; हादसा टला
साथ ही बताया कि टेक ग्रोथ कांक्लेव में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले और 34 हजार से अधिक रोजगार के अवसरों की संभावना बनी है। इसके साथ ही कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इसमें संचालित की जाने वाली गतिविधियों तथा नवाचारों के संबंध में प्रदेशवासियों से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं, जिन्हें कार्य योजना में शामिल किया जाएगा।