लेंसकार्ट के ड्रेस कोड पर बवाल... भोपाल में हिंदू संगठनों ने शो-रूम का घेराव कर कर्मचारियों को लगाया तिलक, दी बहिष्कार की चेतावनी
चश्मे बेचने वाली कंपनी लेंसकार्ट के कथित ड्रेस कोड के खिलाफ अब हिंदू संगठन मैदान में आ गए हैं। मंगलवार को न्यू मार्केट स्थित कंपनी के शो रूम का हिंदू ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 21 Apr 2026 07:47:49 PM (IST)Updated Date: Tue, 21 Apr 2026 07:50:58 PM (IST)
लेंसकार्ट के ड्रेस कोड पर बवालHighLights
- भोपाल के न्यू मार्केट स्थित लेंसकार्ट शोरूम का हिंदू संगठनों ने किया घेराव
- शोरूम के कर्मचारियों को तिलक लगाया गया और विधि-विधान से कलावा बांधा
- कथित 'ग्रूमिंग गाइड' में कलावा और बिंदी पर पाबंदी का स्क्रीनशॉट हुआ था वायरल
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। चश्मे बेचने वाली कंपनी लेंसकार्ट के कथित ड्रेस कोड के खिलाफ अब हिंदू संगठन मैदान में आ गए हैं। मंगलवार को न्यू मार्केट स्थित कंपनी के शो रूम का हिंदू संगठनों ने घेराव किया। कर्मचारियों को कलावा बांधकर तिलक लगाया गया। हाल ही में सोशल मीडिया पर कंपनी की ‘ग्रूमिंग पालिसी’ वायरल हुई थी। इसके बाद से हिंदू संगठन देश भर में इस रिटेल चेन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। राजधानी में हिंदू उत्सव समिति के कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व में शोरूम के बाहर एकत्रित होकर नारेबाजी की।
धार्मिक प्रतीकों पर रोक के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए शोरूम के कर्मचारियों को तिलक लगाया, मंत्रोच्चार किया और उन्हें कलावा बांधा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धार्मिक प्रतीक और आस्था का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। हिंदू उत्सव समिति ने कंपनी के उत्पादों का बहिष्कार करने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि तिलक, बिंदी और कलावा भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं और इन पर किसी भी तरह की रोक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कंपनियों को भारतीय धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना होगा। हालांकि कंपनी के सीईओ ने इस संबंध में सभी से माफी मांगी है पर जन आक्रोश कम नहीं हो रहा है। संत समाज ने भी कंपनी के रवैए पर आपत्ति व्यक्त की है।
क्या है विवाद का मूल कारण?
विवाद की शुरुआत पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित ‘ग्रूमिंग गाइड’ के स्क्रीनशॉट से हुई। दावा किया गया कि बिंदी, तिलक और कलावा पहनने पर पाबंदी लगा दी गई है। कई इन्फ्लुएंसर्स इस मुद्दे को 'बायकाट लेंसकार्ट' (#BoycottLenskart) के हैशटैग के साथ उठा रहे हैं। लेंसकार्ट के सीईओ पीयूष बंसल कह चुके हैं कि कंपनी सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करती है।