बुकिंग के लिए भटक रहे लोग और यहां खुले में बंट रहे सिलिंडर, भोपाल में खाली प्लॉट पर गैस सप्लाई का खेल
शहर में बुकिंग करने के बाद भी उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, इसी बीच कालाबाजारी के मामले उजागर हो रहे हैं। चलिए पूरी खबर बताते हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 10 Apr 2026 10:06:26 PM (IST)Updated Date: Fri, 10 Apr 2026 10:06:26 PM (IST)
हलालपुर में खाली प्लॉट पर गैस सप्लाई का खेलHighLights
- खाली प्लॉट से हो रही थी सिलेंडरों की आपूर्ति
- मौके पर पहुंचे तहसीलदार और पुलिस, शुरू की जांच
- पहले भी एजेंसी पर कार्रवाई, फिर भी सवाल कायम
नईदुनिया प्रतिनिध, भोपाल। शहर में बुकिंग करने के बाद भी उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, इसी बीच कालाबाजारी के मामले उजागर हो रहे हैं।
ट्रक व लोडिंग ऑटो खड़े थे
ऐसे में संत हिरदाराम नगर इलाके के हलालपुर में शुक्रवार को भारत कंपनी की ममता गैस एजेंसी के सिलिंडरों से भरे ट्रक व लोडिंग ऑटो खड़े हुए थे। इसका पता चलते ही तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह, थाना प्रभारी कोहेफिजा केजी शुक्ला टीम सहित पहुंचे और जांच शुरू कर दी थी।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार संत हिरदाराम नगर के हलालपुर में स्वागत गार्डन के पीछे श्री राजराजेश्वर धाम ट्रस्ट के खाली प्लॉट पर शुक्रवार को भारत गैस कंपनी के दो ट्रक खड़े हुए थे। जिनमें व्यावसायिक व घरेलू सिलिंडर भरे हुए थे, यहां से छोटे लोडिंग ऑटो के जरिए ममता गैस एजेंसी पर आपूर्ति की जा रही थी।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
इसकी जानकारी जब तहसीलदार को लगी तो वह थाना प्रभारी और टीम सहित मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। इस दौरान पता चला कि भारत ममता एजेंसी का गोदाम रातीबड़ में स्थित है, इसलिए वह हलालपुर में खाली प्लॉट में वाहन खड़े कर यहां से सिलिंडर आपूर्ति कर रहा था।
बिना अनुमति हलालपुर से सिलिंडर की आपूर्ति करने पर गैस एजेंसी संचालक की सूचना खाद्य विभाग को दी गई। इसके बाद खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से जानकारी हासिल करने के बाद वापस लौट गए। अधिकारियों का कहना है कि पहले उक्त एजेंसी पर कार्रवाई की जा चुकी है, हालांकि अभी कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। इस वजह से किसी तरह का कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है।