डिजिटल गवर्नेंस में देश में मध्य प्रदेश को मिला दूसरा स्थान, पहले पर कर्नाटक, सीएम बोले- प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली
डिजिटल गवर्नेंस में 1,752 ई-सेवाओं के साथ मध्य प्रदेश को देश में दूसरा स्थान मिला है। पहले स्थान पर कर्नाटक है, जहां 2102 ई-सेवाएं मिल रही हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 11:23:14 AM (IST)Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 11:25:45 AM (IST)
HighLights
- 59 सेवाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित हुआ
- ‘एमपी ई-सेवा पोर्टल और मोबाइल एप’ का शुभारंभ
- एक पोर्टल पर 56 विभागों की 1700 सेवाएं
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। डिजिटल गवर्नेंस में 1,752 ई-सेवाओं के साथ मध्य प्रदेश को देश में दूसरा स्थान मिला है। पहले स्थान पर कर्नाटक है, जहां 2102 ई-सेवाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश को दूसरा स्थान मिलने पर बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सद्प्रयासों को अब राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिल रही है। यह उपलब्धि सुशासन, पारदर्शिता, जनहितैषी और नागरिक-केंद्रित नीतियों के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
डिजिटल सेवाएं प्रदान करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस में मध्य प्रदेश ने राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सेवा वितरण मूल्यांकन के मानकों के अनुसार यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सेवा वितरण मूल्यांकन (एनईएसडीए) रैंकिंग में मध्य प्रदेश ने 1,752 ई-सेवाओं के साथ डिजिटल सेवाएं प्रदान करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल होकर पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद गर्व का विषय है कि प्रदेश में 59 अनिवार्य सेवाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है।
एक पोर्टल पर 56 विभागों की 1700 सेवाएं
पिछले वर्ष मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर ‘एमपी ई-सेवा पोर्टल और मोबाइल एप’ का शुभारंभ किया था। एकीकृत नागरिक सेवा मंच अब 56 विभागों की 1700 से अधिक सरकारी सेवाओं और योजनाओं को एक ही डिजिटल विंडो पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
‘एमपी ई-सेवा’ के माध्यम से वर्ष 2026 तक 100 प्रतिशत ई-सेवा डिलीवरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब इन सेवाओं के लिए अलग वेबसाइट पर लागइन करने और बार-बार दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- MP में घर का सपना हुआ महंगा, 1 अप्रैल से 65 हजार स्थानों पर बढ़ेंगी प्रॉपर्टी की दरें, रजिस्ट्री के लिए ढीली करनी होगी जेब
मोबाइल एप से सभी सेवाओं के लिए पात्रता जांच
नागरिक eseva.mp.gov.in और मोबाइल एप के माध्यम से सभी सेवाओं के लिए पात्रता जांच, आवेदन, स्टेटस चैक करने के साथ ही अनुमोदन भी प्राप्त कर सकते हैं।
एमपी ई-सेवा पोर्टल पर सभी चरण आधार आधारित प्रमाणीकरण, ई-साइन और डिजिटल प्रमाणपत्र से सुरक्षित हैं। इससे प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस और फेसलेस बन गई है।