
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कर वसूली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्ती शुरू कर दी है। राजस्व वसूली की समीक्षा में 11 जोन के 45 वार्ड निर्धारित लक्ष्य से काफी पीछे पाए गए। इसके बाद निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने संबंधित सभी वार्ड प्रभारियों, राजस्व वसूली की निगरानी कर रहीं सहायक आयुक्त कीर्ति चौहान और सभी 11 जोनल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनका वेतन रोक दिया है।
सूत्रों के अनुसार, कई अधिकारी वेतन जारी कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं, जबकि कुछ ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए आवेदन भी दिए हैं। हाल ही में हुई टीएल बैठक में निगम आयुक्त ने संपत्ति कर वसूली की समीक्षा की थी। इसमें सामने आया कि 45 वार्डों में बीते वर्ष की तुलना में राजस्व वसूली काफी कम रही। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने सुधार के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए।
कर वसूली की निगरानी की जिम्मेदारी सहायक आयुक्त कीर्ति चौहान के पास है, लेकिन राजस्व संबंधी फाइलों के समय पर निराकरण नहीं होने और नियमित समीक्षा नहीं करने की शिकायतें भी आयुक्त तक पहुंची थीं। इसके चलते उनका वेतन भी रोकने के निर्देश दिए गए।
निगम से मिली जानकारी के अनुसार, जोन एक के अंतर्गत वार्ड तीन, चार, पांच, जोन दो के अंतर्गत वार्ड सात, 10, 21, जोन तीन के अंतर्गत वार्ड 11, 12, 13, जोन चार के अंतर्गत वार्ड 15, 16, 17, 18 और 20, जोन पांच के अंतर्गत वार्ड आठ, नौ, 14, 19, 22 और 23 कर वसूली में पीछे चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बाल सुधार गृह में अमानवीयता, 2 बच्चों के साथ सामूहिक कुकर्म, पॉक्सो एक्ट के तहत 11 पर FIR दर्ज
इसी तरह जोन छह के अंतर्गत वार्ड 47, 48, 51, जोन आठ के अंतर्गत वार्ड 27, 28, 29, 30, 46, जोन 10 अंतर्गत वार्ड 42, 45, 49, 50, जोन 15 के अंतर्गत वार्ड 62, 63, 64, 66, 67, जोन 17 के अंतर्गत वार्ड 75, 76, 77, 78, 79 और जोन 18 के अंतर्गत वार्ड 80, 82 और 83 भी वसूली के मामले पिछड़ गए हैं।
निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तय समय सीमा में लक्ष्य पूरे करने की जिम्मेदारी दी गई है। जिन अधिकारियों के कार्यों में लापरवाही या प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई है, उनका वेतन रोका गया है।- संस्कृति जैन, आयुक्त, नगर निगम