
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रायसेन रोड स्थित सैम कॉलेज में शुक्रवार रात गरबा कार्यक्रम के दौरान अश्लील गानों और मुस्लिम युवकों की एंट्री को लेकर विवाद हो गया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में बजाए जा रहे अश्लील गानों और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर आपत्ति जताते हुए उन्हें बाहर करने की बात कही।
इस पर विवाद बढ़ गया और कॉलेज स्टाफ व कार्यकर्ताओं के साथ बहस के बाद छात्रों से मारपीट और गाली-गलौज की स्थिति बन गई। शिकायत के आधार पर बिलखिरिया पुलिस ने समीर आलम समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात कॉलेज परिसर में गरबा कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और कार्यक्रम में बजाए जा रहे गानों व मुस्लिम युवकों के प्रवेश पर विरोध जताया।
इस बात को लेकर पहले आरोपितों ने कॉलेज स्टाफ और कार्यकर्ताओं से बहस की। इसी दौरान कॉलेज के कुछ अन्य छात्र भी बीच में आ गए। आरोप है कि इसके बाद समीर आलम और उसके साथियों ने मारपीट और गाली-गलौज की। घटना के बाद बिलखिरिया पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- एमपी के 571 प्राइवेट कॉलेजों को नोटिस, फीस निर्धारित करने के लिए मांगी जरूरी जानकारी, इसके बाद तय होगी फीस
हिंदू संगठन के अभिषेक शर्मा ने बताया कि शहर में होने वाले गरबा कार्यक्रमों में मुस्लिम युवाओं की एंट्री को लेकर हम जागरूक और विरोध कर रहे हैं। इससे पहले एमके पोंडा कॉलेज और सयाजी होटल में आयोजित गरबा कार्यक्रमों में भी मुस्लिम युवकों की एंट्री को लेकर विरोध जताया गया था। उन्होंने कहा कि आरकेडीएफ कॉलेज में भी कार्यक्रम के दौरान विवाद की आशंका के चलते आयोजन स्थगित कर दिया गया था।