
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कालेजों में दिव्यांगजनों से पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। यात्री बसों में 50 प्रतिशत किराए की छूट नहीं देने और दिव्यांगजनों से अभद्रता करने वाले बस संचालकों के विरुद्ध परिवहन विभाग के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी। इसे लेकर आयुक्त दिव्यांगजन कार्यालय ने कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं।
आयुक्त दिव्यांगजन कार्यालय को शिकायत मिली थी कि बस परिचालक दिव्यांगजनों से पूरा किराया ले रहे हैं और दिव्यांगता का उपहास भी किया जा रहा है। यह दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के प्रविधानों का उल्लंघन है।
इसकी रोशनी में आयुक्त दिव्यांगजन कार्यालय ने जिलों को निर्देश जारी करने के साथ दिव्यांगजनों से अपील भी की है कि यदि कोई बस संचालक या परिचालक पूरा किराया मांगता है या अभद्रता करता है, तो बस के टिकट और बस की फोटो खींचकर आयुक्त कार्यालय को भेजें। इसी तरह यदि किसी सरकारी अस्पताल या मेडिकल कालेज में पार्किंग शुल्क मांगा जाता है, तो इसकी शिकायत भी सीधे आयुक्त कार्यालय को करें, कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में बना रहा देश का सबसे बड़ा पंप-स्टोरेज प्रोजेक्ट, एक बार में बनेगी 1.15 करोड़ यूनिट बिजली