
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हमीदिया अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की टीम ने बेहद जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर मां और बच्चे दोनों की जान बचाई। मामला एक गर्भवती महिला का था जिसके पेट में 10.2 किलोग्राम वजन का विशाल ओवरी ट्यूमर था। साथ ही महिला गर्भवती भी थी। ऐसे केस में ऑपरेशन करना बेहद जोखिम भरा था।
हमीदिया अस्पताल के विशेषज्ञों ने पहले सिजेरियन के जरिए 2.6 किलोग्राम के स्वस्थ शिशु को जन्म कराया। इसके तुरंत बाद उसी ऑपरेशन के दौरान महिला की ओवरी से 10.2 किलो का विशाल ट्यूमर भी निकाल दिया गया। ऑपरेशन के बाद मां और नवजात दोनों की हालत स्थिर और संतोषजनक है। दोनों को विशेष निगरानी में रखा गया है।
यह जटिल सर्जरी डीन जीएमसी डॉ. कविता सिंह और विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा वाधवानी के नेतृत्व में हुई। ऑपरेशन को सीनियर सर्जन डॉ. पल्लवी सिंह और डॉ. अदिति खरे ने अंजाम दिया। एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. तृप्ति वत्सल्य, डॉ. जितेंद्र कुमार और डॉ. देवांशु सराफ ने संभाली। विभाग के जूनियर डॉक्टरों ने भी इसमें अहम सहयोग दिया।
यह भी पढ़ें- RGPV पेपर चोरी मामला: नकली चाबी से खोली गई अलमारी, घटना के वक्त CCTV भी मिले बंद; अंदरूनी मिलीभगत की आशंका
अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि हमीदिया में अनुभवी डॉक्टरों और आधुनिक सुविधाओं की वजह से अब जटिल से जटिल मरीजों का भी सफल इलाज संभव हो रहा है।