भोपाल में बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर के सामने अड़ाई बाइक, फिर चाकू की नोंक पर कर डाली 55 लाख की लूट
स्मार्ट सिटी रोड पर एक प्रॉपर्टी डीलर से 55 लाख रुपये की लूट हो गई। डीलर स्कूटी पर सवार होकर एक सौदे की रकम लेकर पॉलिटेक्निक चौराहे की ओर से जा रहा था ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 10 Mar 2026 10:55:22 PM (IST)Updated Date: Tue, 10 Mar 2026 10:55:22 PM (IST)
प्रॉपर्टी डीलर के सामने अड़ाई बाइक। (Image Source: AI-Generated) नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। स्मार्ट सिटी रोड पर एक प्रॉपर्टी डीलर से 55 लाख रुपये की लूट हो गई। डीलर स्कूटी पर सवार होकर एक सौदे की रकम लेकर पॉलिटेक्निक चौराहे की ओर से जा रहा था। कुछ दूर पर बाइक सवार बदमाशों ने उसकी गाड़ी के सामने बाइकें अड़ा दीं और फिर चाकू दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। घटना सात मार्च को रात करीब 9:30 बजे की है। श्यामला हिल्स पुलिस ने केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपितों का कोई सुराग नहीं लगा है।
वारदात का घटनाक्रम और पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय दिव्यांग भनोट चूनाभट्टी क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस को उसने बताया कि वह प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करता है। सात मार्च को एक सौदा करवाने के बाद वह 55 लाख 50 हजार रुपये की रकम लेकर अपने भाई के साथ जुमेराती से घर की ओर लौट रहा था। वे स्कूटी पर सवार थे, दिव्यांग स्कूटी चला रहा था, जबकि उसका भाई पीछे बैठा था। वे पॉलिटेक्निक चौराहे से डिपो चौराहे की ओर जा रहे थे। तभी स्मार्ट सिटी रोड पर पीछे से आए बदमाशों ने सामने से बाइकें अड़ाईं, फिर गाली-गलौज करने लगे। एक बदमाश ने जेब से चाकू निकालकर डराया और फिर उसके साथी बैग लूटकर भाग निकले।
सीसीटीवी से तलाश और एडिशनल डीसीपी का बयान
एडिशनल डीसीपी जोन-3 शालिनी दीक्षित ने बताया कि फरियादी ने श्यामला हिल्स थाने में मामले की शिकायत की, जिसके बाद आठ मार्च को पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज किया है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपितों की तलाश की जा रही है। लूट के मामले में पुलिस हवाला एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी नकदी किस सौदे के तहत लाई जा रही थी और इसकी सूचना बदमाशों तक कैसे पहुंची।
यह भी पढ़ें- MP Weather Update: एमपी गर्मी का रेड अलर्ट, 39 डिग्री के साथ धार सबसे गर्म, सामान्य से 5 डिग्री तक बढ़ा तापमान
पुराने मामलों से जुड़ते तार और हवाला कनेक्शन
नवंबर 2024 में श्यामला हिल्स क्षेत्र में जीरा कारोबारी के कलेक्शन एजेंटों से ऐसे ही स्कूटी पर टक्कर मारकर 20 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस मामले में पुलिस ने आठ लुटेरों को गिरफ्तार किया था। उक्त प्रकरण में गिरफ्तार उन्हीं बदमाशों ने पूर्व में छोला में भी ऐसी ही वारदात की थी। पिछले वर्ष कोलार तिराहे पर भी लूट की वारदात हुई थी। इन सभी मामलों में पुलिस जांच में हवाला का एंगल सामने आया था।