
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को केरलम में दस्तक दे दी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो से तीन दिन परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मानसून अब मध्य अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ेगा। मध्य प्रदेश में इसके 15 से 20 जून के बीच पहुंचने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी एसए साहू ने बताया कि गुरुवार को जबलपुर में 8.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं भोपाल में दिनभर गर्मी और उमस के बाद शाम करीब 6:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और बारिश से शहर के कई हिस्से तरबतर हो गए।
70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाएं
प्रदेश में इन दिनों प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। गुरुवार को अधिकांश जिलों में तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। सुबह भोपाल, सीहोर, विदिशा और हरदा में 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। शाम तक गुना, जबलपुर और कटनी में भी मौसम का यही मिजाज देखने को मिला। वहीं इंदौर, राजगढ़, सागर, रीवा और शहडोल संभागों में धूलभरी आंधी चली।
पूर्वी हिस्सों में बढ़ा तापमान
बारिश के बावजूद प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आगर, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, शिवपुरी, दमोह और सागर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है। श्योपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, पन्ना, छतरपुर और पांढुर्णा सहित करीब 37 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और आंधी की संभावना है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| भोपाल | 37.4°C | 20.0°C |
| इंदौर | 38.4°C | 25.8°C |
| ग्वालियर | 40.5°C | 27.3°C |
| जबलपुर | 39.0°C | 27.8°C |
यह भी पढ़ें- भोपाल में वर्क फ्रॉम होम के नाम पर साइबर ठगी करने वाला 10वीं फेल मास्टरमाइंड गिरफ्तार, खुद बनाता था APK फाइल