
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में तीन दिन पहले आया मानसून फिलहाल आलीराजपुर से अनूपपुर तक की पट्टी में ही अटका हुआ है। वर्षा की अधिकांश गतिविधियां भी इन्हीं जिलों तक सीमित हैं। प्रदेश के अन्य हिस्सों में गर्मी और उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है। वहीं, भोपाल-इंदौर समेत 40 जिलों में आंधी और वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कम दबाव का क्षेत्र नहीं बनने से थमा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून को आगे बढ़ाने में समुद्री मौसमी तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वर्तमान में पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर 5.8 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना ऊपरी चक्रवात कमजोर होकर समाप्त हो गया है। मौसम विज्ञानियों को उम्मीद थी कि 27 से 30 जून के बीच यह परिसंचरण निचले स्तर पर आकर कम दबाव का क्षेत्र बनाएगा और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए मानसून को आगे बढ़ाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
मौसम विज्ञानी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अगले 24 से 72 घंटों में यदि ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण निचले स्तर पर मजबूत होता है, तभी कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसके बाद ही मध्य प्रदेश के बाकी हिस्सों में मानसून आगे बढ़ने और अच्छी वर्षा की संभावना बनेगी। तब तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
कहीं झमाझम बारिश, तो कहीं 42 डिग्री पहुंचा पारा
मौसमी सिस्टम के अटकने से प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। रतलाम में 40 मिमी, छिंदवाड़ा में 36 मिमी और धार में 28 मिमी वर्षा दर्ज की गई। हरदा और विदिशा में भी अच्छी बारिश हुई। दूसरी ओर उमरिया में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.6 डिग्री अधिक रहा। सीधी में पारा 40.4 डिग्री, खजुराहो में 41.6 डिग्री और ग्वालियर में 41.5 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे कई स्थानों पर लू जैसे हालात बने रहे।
40 से अधिक जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 40 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
चार प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
भोपाल : अधिकतम 36.3 | न्यूनतम 24.8
इंदौर : अधिकतम 34.8 | न्यूनतम 24.4
ग्वालियर : अधिकतम 41.5 | न्यूनतम 31.3
जबलपुर : अधिकतम 38.4 | न्यूनतम 27.4
यह भी पढ़ें- भोपाल मेट्रो के रूट पर अनोखा प्रयोग, हर आधे किलोमीटर पर दिखेगा स्टेशन, 2.23 किमी के हिस्से में सिविल वर्क पूरा