
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके के आवास पर मध्य प्रदेश से जुड़े लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों के साथ सहभोज पर संवाद किया। बैठक का उद्देश्य प्रदेश के समग्र विकास, संगठनात्मक विषयों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा करना रहा।
खंडेलवाल ने केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों से आग्रह किया कि वे मध्य प्रदेश से संबंधित विषयों और विकास आवश्यकताओं के समाधान के लिए केंद्र स्तर पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तेजी, पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ पहुंचना चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार प्रदेश की प्रगति और जनता के कल्याण के लिए हर स्तर पर केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर कार्य करती रहेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सांसदगण पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ भाजपा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा की डबल इंजन वाली मोदी–मोहन सरकार के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सहभोज को लेकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि संगठन, संवाद और समन्वय पर सार्थक चर्चा ही हेमंत खंडेलवाल की कार्यशैली और भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्ति को दर्शाती है।
नई दिल्ली में आयोजित "संवाद एवं रात्रि भोज" कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के माननीय सांसद गण के साथ सम्मिलित हुआ। pic.twitter.com/s9PpSrn7gk
— Hemant Khandelwal (@Hkhandelwal1964) February 5, 2026
सहभोज एवं संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, जॉर्ज कुरियन, डॉ. एल. मुरुगन, दुर्गादास उइके, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सहित अनेक सांसद उपस्थित रहे। इनमें गणेश सिंह, भारत सिंह कुशवाह, संध्या राय, लता वानखेड़े, राहुल लोधी, जनार्दन मिश्रा, डॉ. राजेश मिश्रा, हिमाद्री सिंह, आशीष दुबे, भारती पारधी, दर्शन सिंह चौधरी, आलोक शर्मा, महेंद्र सोलंकी, अनिल फिरोजिया, सुधीर गुप्ता, अनिता चौहान, शंकर लालवानी, गजेंद्र पटेल, ज्ञानेश्वर पाटिल, कविता पाटीदार, सुमेर सिंह सोलंकी, सुमित्रा वाल्मीकि, उमेश नाथ महाराज, बंशीलाल गुर्जर और माया नारोलिया शामिल रहीं।
चार सांसद सहभोज में शामिल नहीं हो सके। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल में होने के कारण अनुपस्थित रहे। वहीं शिवराज सिंह चौहान बैठक में व्यस्त थे, जबकि सावित्री ठाकुर असम और विवेक बंटी साहू बंगाल में होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए।