MP Board द्वितीय परीक्षा के लिए अब 26 अप्रैल तक कर सकेंगे आवेदन, 7 मई से शुरू होंगे पेपर
मप्र बोर्ड 10वीं व 12वीं की द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 अप्रैल तक है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 23 Apr 2026 05:21:49 PM (IST)Updated Date: Thu, 23 Apr 2026 09:10:50 PM (IST)
1.56 लाख छात्रों को माशिमं ने दिया एक और मौकाHighLights
- द्वितीय परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि अब 26 अप्रैल
- अब तक 3.33 लाख छात्रों ने किया आवेदन
- 1.56 लाख विद्यार्थी अभी भी आवेदन से वंचित
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मप्र बोर्ड 10वीं व 12वीं की द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 अप्रैल तक है। 22 अप्रैल तक अंतिम तारीख थी, लेकिन अब तक करीब 3.33 लाख आवेदन हुए हैं। इसमें 10वीं के करीब 1.65 लाख और 12वीं के करीब 1.68 लाख शामिल हैं, जबकि इस साल दोनों कक्षाओं के 4.89 लाख विद्यार्थी फेल हुए हैं। इसमें 10वीं में 2.89 लाख विद्यार्थी और 12वीं में 1.99 लाख हैं।
अभी भी 1.56 लाख विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाए हैं। ये विद्यार्थी द्वितीय परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसमें कई विद्यार्थी अंक सुधार के लिए भी द्वितीय परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
![naidunia_image]()
कब होगी परीक्षा
बता दें कि 10वीं की परीक्षा सात मई से 19 मई तक एवं 12वीं की परीक्षा सात मई से 25 मई तक सुबह नौ से 12 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
प्रदेश में 1200 से अधिक केंद्र बनाए गए हैं
प्रदेश भर में 1200 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें राजधानी में करीब 50 केंद्र शामिल हैं। हालांकि इस बार भी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। दोनों परीक्षा का समय सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। विद्यार्थियों को केंद्र पर एक घंटा पहले यानी सुबह आठ बजे तक पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 15 मिनट पहले तक ही प्रवेश दिया जाएगा।
प्रायोगिक परीक्षाएं विद्यार्थियों को आवंटित परीक्षा केंद्र पर सात मई से 25 मई के बीच संचालित की जाएंगी। इसकी तारीख संबंधित स्कूलों से विद्यार्थियों को मिलेगी।
प्रश्नपत्र थाने में रखे जाएंगे
मंडल के अधिकारियों ने बताया कि जिस तरह से पहली बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई, पूरी प्रक्रिया वैसे ही रहेगी। प्रश्नपत्र थाने में रखे जाएंगे और केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधि की निगरानी में निकालकर केंद्रों पर भेजे जाएंगे। पूरी निगरानी ऑनलाइन एप के माध्यम से की जाएगी।
अधिकारियों का क्या कहना
-द्वितीय परीक्षा की तैयारी कर ली गई है। अभी विद्यार्थियों की संख्या कम है, इसलिए तारीख 26 अप्रैल तक बढ़ाई गई है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा आयोजित की जाएगी।
बुद्धेश कुमार वैद्य, सचिव, माशिमं
यह भी पढ़ें- पुलिसकर्मी के घर में घुसकर लूट करने वाला आरोपी है शातिर बदमाश, चार दिन पहले प्रेमिका से की थी मारपीट