
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा का कार्यकाल तीन माह बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तरफ से सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र भेजा गया है, जो यहां से मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) में जाएगा। यहां से स्वीकृति मिलने पर कार्यकाल तीन माह बढ़ जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मकवाणा का कार्यकाल तीन माह बढ़ाए जाने संबंधी पत्र भेजे जाने की अटकलें रविवार से चल रही थीं। सोमवार को भी ऊपरी स्तर का मामला बताकर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं था।
हालांकि, सूत्रों ने बताया कि तीन माह के लिए कार्यकाल बढ़ाए जाने का पत्र भेजा जा चुका है। मकवाणा का निर्धारित दो वर्ष का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है। सेवा विस्तार मिलने पर वे 31 मार्च को सेवानिवृत्त होंगे।
इसके बाद डीजीपी के लिए जेल महानिदेशक वरुण कपूर दौड़ से बाहर हो जाएंगे। कारण, डीजीपी बनने के लिए कम से कम छह माह का कार्यकाल शेष होना जरूरी है। डीजी ईओडब्ल्यू उपेंद्र जैन और डीजी होमगार्ड प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव पात्र रहेंगे।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली से रोशन होंगे प्रदेश के 46 हजार घर, खनिज से आय 30 हजार करोड़ पहुंचाने को होगा सर्वे
तीन नामों के पैनल में स्पेशल डीजी सीआइडी पंकज श्रीवास्तव का आना तय माना जा रहा है। वे वरिष्ठता क्रम में भी उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के बाद तीसरे क्रम पर हैं। सेवा विस्तार की कवायद के बाद अब पंकज श्रीवास्तव का नाम भी अगले डीजीपी के लिए अचानक चर्चा में आ गया है।