
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर्स के पुनर्विकास को लेकर मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड ने अपनी कवायद तेज कर दी है। करीब 82 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले इस प्रोजेक्ट का खाका भोपाल मास्टर प्लान 2047 के प्रस्तावित ड्राफ्ट के आधार पर खींचा जा रहा है।
उधर, जर्जर मकानों को हटाने की मुहिम के तहत बीते 23 नवंबर को क्वार्टर नंबर 465 को छोड़कर 599 आवासों को जमींदोज किया गया था। कार्रवाई के दौरान छूटे हुए इस आखिरी क्वार्टर नंबर 465 को भी शुक्रवार यानी आज ढहा दिया जाएगा।
हैरानी की बात यह है कि जिस मास्टर प्लान पर अभी 30 नवंबर तक दावे-आपत्तियों की सुनवाई होनी है और जिस पर सुप्रीम कोर्ट की अंतिम मुहर लगना बाकी है, बोर्ड ने उसके लागू होने से पहले ही प्रोजेक्ट की प्रारंभिक रिपोर्ट (पीपीआर) पर काम आगे बढ़ा दिया है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 22 सितंबर को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि नया मास्टर प्लान कोर्ट की मंजूरी के बाद ही लागू होगा। ज्ञात हो कि 23 नवंबर को आठ घंटे की बड़ी कार्रवाई में 599 जर्जर क्वार्टर्स को जमींदोज कर 3.23 हेक्टेयर जमीन खाली कराई गई थी।
हाउसिंग बोर्ड के अतिरिक्त आयुक्त महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रस्तावित प्लान में नौ मीटर चौड़ी सड़कें, बेसमेंट पार्किंग और फ्रंट हिस्से में 10 से ज्यादा दुकानों का प्रावधान रखा गया है। शासन से पीपीआर को हरी झंडी और बजट मिलते ही एक सप्ताह में डीपीआर तैयार कर ली जाएगी, जिसके बाद डीपीआर को साधिकार समिति के पास भेजा जाएगा।
क्वार्टर नंबर 465 निवासी मो. हफीज ने कम किराये को लेकर कोर्ट में याचिका लगाई थी, जिस पर बुधवार को बोर्ड ने जवाब प्रस्तुत किया। कमिश्नर गौतम सिंह ने बताया कि सभी को एक समान किराया दिया जाएगा। कोर्ट से आवास तोड़ने की अनुमति मिल गई है और शुक्रवार को यह आवास भी तोड़ दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- एमपी में BJP MLA गोपाल भार्गव ने की राजनीतिक संन्यास की घोषणा, शर्त रखी- कोपरा बांध बनने के बाद छोड़ेंगे
जिनके आवास 23 नवंबर को तोड़े गए हैं, उनको 23 नवंबर से किराया दिया जाएगा। बचे हुए आवास को आज तोड़ा जाएगा। इनको किराया 27 नवंबर से मिलेगा। मलबा हटाने के लिए जल्द ही टेंडर किया जाएगा। - गौतम सिंह, कमिश्नर, एमपी हाउसिंग बोर्ड