
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में मेट्रो परियोजना के तहत अंडरग्राउंड कॉरिडोर का निर्माण बेहद तेज गति से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में यह पहला मौका है जब जमीन के नीचे पैरेलल टनल बनाने का काम किया जा रहा है। भोपाल रेलवे स्टेशन से पुल पातरा तक बनने वाली इस ट्विन टनल के काम को बेहद सावधानीपूर्वक किया जा रहा है।
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक पहली टनल का निर्माण 120 मीटर से अधिक पूरा हो चुका है, जबकि दूसरी टनल भी 50 मीटर से ज्यादा आगे बढ़ चुकी है। टनल बोरिंग मशीनें (टीबीएम) जमीन से करीब 24 मीटर की गहराई पर स्थापित की गई हैं। यह अत्याधुनिक मशीनें बिना रुके दिन-रात लगातार खुदाई के काम में जुटी हुई हैं।
खास बात यह है कि यह मशीनें टनल के अंदर कंक्रीट की मजबूत रिंग भी फिट करती जा रही हैं। इससे मिट्टी धंसने का खतरा नहीं रहता और निर्माण पूरी तरह सुरक्षित रहता है।
मेट्रो रूट के योजनाबद्ध नक्शे के अनुसार इन दोनों टनलों का पहला पड़ाव यानी एग्जिट प्वाइंट पुल पातरा रहेगा। दोनों मशीनें खुदाई करते हुए जब पुल पातरा पहुंचेंगी, तो इन्हें वहां से वापस बाहर निकालकर पुनः भोपाल रेलवे स्टेशन लाया जाएगा। इसके बाद अगले चरण में नादरा बस स्टैंड तक ट्विन टनल बनाने का काम शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- भोपाल के अस्पताल में चमत्कार, गर्भवती महिला के पेट से निकाला 10.2 किलो का विशाल ट्यूमर, स्वस्थ बच्चे ने भी लिया जन्म