
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक के 7500 पदों पर भर्ती के लिए प्रस्तावित परीक्षा निर्धारित तारीख निकलने के बाद भी शुरू नहीं हो सकी है। मप्र कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) की नियमपुस्तिका में परीक्षा की शुरुआत 19 नवंबर 2026 से प्रस्तावित थी, लेकिन रविवार तक न ही परीक्षा की तारीख घोषित हुई और न ही प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं।
परीक्षा स्थगित होने या नई तारीख घोषित करने को लेकर भी मंडल की ओर से कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई है। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे करीब 7.51 लाख अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इस भर्ती के तहत कुल 7500 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें जिला पुलिस बल के 6800 और विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के 700 पद शामिल हैं। यानी कुल पदों में करीब 91 प्रतिशत जिला पुलिस और नौ प्रतिशत विशेष सशस्त्र बल के हैं।
भर्ती के लिए प्रदेश के 13 शहरों में ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जानी है। बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण अभ्यर्थी लंबे समय से परीक्षा की तारीख और प्रवेश पत्र जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान हाईकोर्ट के निर्देश पर 13 से 16 नवंबर तक कुछ अभ्यर्थियों के लिए आवेदन पोर्टल दोबारा खोला गया था। यह सुविधा उन अभ्यर्थियों को दी गई थी, जिन्होंने इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद परीक्षा प्रक्रिया और समय-सारणी को लेकर अभ्यर्थियों में संशय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- ऐशबाग के 599 क्वार्टरों पर सोमवार से चलेगा बुलडोजर, कोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार, एक को मिली राहत
पुलिस आरक्षक परीक्षा शुरू नहीं होने और नई तारीख की सूचना जारी नहीं किए जाने पर कांग्रेस ने ईएसबी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। मप्र कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने एक्स पर ट्वीट कर आरोप लगाया कि मंडल ने नियमपुस्तिका में 19 नवंबर से परीक्षा कराने की तारीख घोषित की थी, लेकिन निर्धारित समय निकलने के बाद भी अभ्यर्थियों को कोई जानकारी नहीं दी गई।
उनका कहना है कि लाखों युवा दिन-रात परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन समय पर सूचना नहीं मिलने से अभ्यर्थी परेशान हो रहे हैं। मंडल को परीक्षा स्थगित होने का कारण और नई तारीख तत्काल घोषित करनी चाहिए।