_m.webp)
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। लंबे समय से अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे स्कूल शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के स्वजन को आखिरकार अनुकंपा नियुक्तियां मिल ही गईं। विभाग ने 2 दिन में 600 अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। लगभग 30 और आदेश आगामी दो दिन में जारी किए जाएंगे। बाकी बचे प्रकरणों में भी संवेदनशीलता के साथ आवश्यक विकल्प पर विचार किया जा रहा है।
स्कूल शिक्षा विभाग में लंबे समय से 859 अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण लंबित थे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों की जानकारी बुलाई तो सक्रिय हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने दो दिन में 600 अनुकंपा नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए। इसके लिए आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को भोपाल बुलाया और देर रात तक प्रकरणों का परीक्षण करवाकर नियुक्ति आदेश जारी करवाए।
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि लंबे समय से लंबित अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री की अपेक्षा के अनुरूप नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। लगभग 30 और आदेश आगामी दो दिन में जारी किए जाएंगे। बाकी बचे प्रकरणों में भी आवश्यक विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग से तंग ग्वालियर के कारोबारी ने नदी में लगाई छलांग, सुसाइड नोट ने खोले राज