
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसूनी सिस्टम के कमजोर पड़ते ही मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। प्रदेश में वर्षा का दौर लगभग थम गया है। इसके चलते दिन और रात के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। दिन का पारा जहां दो से ढाई डिग्री तक उछल गया है, वहीं रात के तापमान में भी एक से डेढ़ डिग्री तक का इजाफा हुआ है। इसके चलते प्रदेशवासियों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। वहीं राजधानी भोपाल के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं, क्योंकि यहां 15 जुलाई तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है।
राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के चारों बड़े शहरों में रविवार को तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। भोपाल में दिन का तापमान 31.4 डिग्री और रात का 25.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा है। इंदौर में दिन का पारा सामान्य से 2.3 डिग्री बढ़कर 32.9 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं ग्वालियर 35.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, यहां रात का पारा सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक 28.4 डिग्री रहा। जबलपुर में भी दिन का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री बढ़कर 34.5 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र के अनुसार, रविवार को दिनभर प्रदेश में कहीं भी भारी वर्षा रिकॉर्ड नहीं की गई और राजधानी में धूप-छांव का खेल चलता रहा। हालांकि रात के समय शिवपुरी, श्योपुर, गुना, नीमच, सागर, छतरपुर, पन्ना, रीवा और सतना समेत कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ीं।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में एक लाख से अधिक कर्मचारियों का होगा प्रमोशन, लेकिन इंजीनियरों को लगा बड़ा झटका