एमपी के कई जिलों में तापमान 40 के करीब, जानें भोपाल-इंदौर सहित बड़े शहरों का हाल, इस दिन से चलेगी लू
सोमवार को दिन का सबसे अधिक तापमान रतलाम का 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं सबसे अधिक गर्म रात नर्मदापुर ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 13 Apr 2026 07:57:33 PM (IST)Updated Date: Mon, 13 Apr 2026 07:58:36 PM (IST)
एमपी के कई जिलों में तापमान 40 के करीब (AI Generated Image)HighLights
- पारे में 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है
- रतलाम 41.2 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज हुआ
- 16 अप्रैल से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लू चलने का अनुमान है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में पारे का ग्राफ धीरे-धीरे ऊपर की तरफ चढ़ना शुरू हो गया है। शुष्क मौसम की वजह से दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। सोमवार को दिन का सबसे अधिक तापमान रतलाम का 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं सबसे अधिक गर्म रात नर्मदापुरम क्षेत्र की रही। यहां का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। पूरे प्रदेश में दिन के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री और रात के न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की औसत बढ़ोतरी हुई।
40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
इसके अलावा प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में नर्मदापुरम का 40.8 डिग्री सेल्सियस, धार का 40.4 डिग्री सेल्सियस, खरगोन में 40.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बैतूल, रायसेन और उज्जैन में 39.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं प्रदेश के पूर्वी इलाकों में मंडला का 40.0 डिग्री सेल्सियस रहा। छिंदवाड़ा, खजुराहो, मलाजखंड में तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सिवनी का न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस और सीधी में 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
16 अप्रैल से चलेगी लू
मौसम विज्ञानी ने बताया कि प्रदेश के मौसम को प्रभावित करे फिलहाल ऐसा कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। चूंकि प्रदेश का आसमान पूरी तरह साफ है, गर्मी और जोर पकड़ेगी। इसके मद्देनजर 16 अप्रैल से प्रदेश के कई जिलों में लू के चलने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की बढ़ने की संभावना है।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान चार्ट
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| भोपाल | 38.8 | 22.0 |
| इंदौर | 38.8 | 19.6 |
| ग्वालियर | 36.8 | 18.5 |
| जबलपुर | 38.2 | 21.0 |
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में दर्ज है)
यह भी पढ़ें- MPPSC प्रीलिम्स 2026: सख्त हुई सुरक्षा! अब परीक्षा केंद्र पर 1.5 घंटा पहले रिपोर्टिंग जरूरी, 3 स्तरीय चेकिंग का प्लान