
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रविवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जबकि भोपाल-इंदौर समेत मध्य इलाकों में धूप-छांव के बीच बौछारें पड़ीं। शाम साढ़े पांच बजे तक इंदौर में पांच मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। आसमान पर छाए बादलों के कारण प्रदेश का मौसम सुहाना है।
अधिकतम तापमान की बात करें भोपाल का तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 28.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 34.2 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ सीधी से होकर गुजर रही है। साथ ही राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है। चार अगस्त से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में मानसून की गतिविधियां बेहद मजबूत रहने वाली हैं।
चक्रवाती घेरे और ट्रफ लाइन के सीधे असर से ग्वालियर-चंबल संभाग, रीवा और सीधी में मूसलधार बरसात की संभावना है। वहीं अरब सागर और गुजरात तट से मिल रही नमी के कारण भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में रुक-रुक कर बौछारों का सिलसिला जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- रतलाम में दलालों के भरोसे से शादी... जुड़ते ही टूट रहे रिश्ते, लाखों रुपये में तय करते हैं दुल्हनों के सौदे