
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर अब प्रदेश के मौसम पर साफ दिखने लगा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की रफ्तार बढ़ने से दिन के तापमान का ग्राफ नीचे आया है। मंगलवार को भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में तापमान 29 डिग्री पर आ गया है। शिवपुरी और छतरपुर जिले के नौगांव में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जबकि श्योपुर में 29, दतिया में 29.4 और ग्वालियर में 29.7 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं, बालाघाट का मलाजखंड 26.3 डिग्री के साथ दिन में प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। इसके उलट गुना में 32.3 डिग्री, खंडवा में 32.1 डिग्री, खरगोन में 32.0 डिग्री और नर्मदापुरम में 31.8 डिग्री में दिन में हल्की गर्माहट बनी रही।
रात के तापमान की बात करें तो पूर्वी इलाकों में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। रीवा में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री नीचे गिरकर 11.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
दमोह में 12.0 डिग्री, छतरपुर जिले के नौगांव में 12.2 डिग्री और राजधानी भोपाल में 13.8 डिग्री में भी रातें सर्द रहीं। हालांकि, उज्जैन और शिवपुरी में रात के पारे में साढ़े तीन डिग्री से अधिक का उछाल दर्ज हुआ और दोनों शहरों में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री रहा।
यह भी पढ़ें- भोपाल के पानी में मिला ई-कोलाई बैक्टीरिया, भड़के कांग्रेस पार्षद, कमिश्नर को ज्ञापन सौंप की जांच की मांग
मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद पूर्वी इलाकों में रात का पारा गिरा है। मंगलवार को दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हल्के बादल भी छाए रहे। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के असर से 20 से 22 नवंबर के बीच प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं, जबकि पश्चिम और मध्य मध्यप्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा।
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
| भोपाल | 29.6 | 13.8 |
| इंदौर | 30.0 | 15.2 |
| ग्वालियर | 29.7 | 13.8 |
| जबलपुर | 29.6 | 13.6 |
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में