
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। चक्रवाती तूफान का असर कमजोर पड़ने के बावजूद प्रदेश के मौसम में बदलाव जारी है। तूफान का अवशेष अब उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास कम दबाव के क्षेत्र के रूप में मौजूद है। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में बादल छा गए हैं और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है।
मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिन तक न्यूनतम तापमान में खास गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि, रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों में रविवार को भी वर्षा हो सकती है।
इधर, ठंड के मद्देनजर भोपाल में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब नर्सरी और केजी की कक्षाएं सुबह 8:45 बजे से, जबकि पहली से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:50 बजे से शुरू होंगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक शहडोल संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर और रीवा व जबलपुर संभाग में कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। अमरकंटक में सर्वाधिक 26.2 मिलीमीटर वर्षा हुई।
वहीं, शाजापुर में रात का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। दिन के तापमान की बात करें तो सिवनी में अधिकतम तापमान सबसे कम 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान का अवशेष उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास कम दबाव के क्षेत्र के रूप में बना हुआ है। इसके अलावा पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में सक्रिय है। मराठवाड़ा के आसपास हवा के ऊपरी भाग में भी चक्रवात मौजूद है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदेश में नमी बढ़ी है और बादलों की आवाजाही बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- ऐशबाग जनता क्वार्टर विवाद में नया मोड़, मकान खाली कराने के विरोध में जहर खाने वाली महिलाओं पर केस
छत्तीसगढ़ से लगे जिलों में वर्षा के आसार हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में बादल रात के तापमान को नीचे जाने से रोक रहे हैं। मौजूदा स्थिति अगले दो से तीन दिन तक बनी रह सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने के बाद आसमान साफ होने की संभावना है। इसके बाद रात के तापमान में फिर गिरावट आएगी और ठंड का असर तेज हो सकता है।