
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। टीला जमालपुरा इलाके में घर के बाहर टहल रही एक महिला के पैर में गोली लग गई। हैरानी की बात यह है कि महिला को शुरुआत में इसका अहसास तक नहीं हुआ। दर्द बढ़ने और पैर से खून निकलने पर वह निजी अस्पताल पहुंची, जहां जांच में पैर के भीतर गोली फंसी होने का पता चला। सोमवार को आपरेशन कर गोली निकाल दी गई।
टीला जमालपुरा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय के अनुसार कबीटपुरा टावर के पास रहने वाली सायरा खान (43) मार्केटिंग का काम करती हैं। करीब 15 साल पहले उनका पति से तलाक हो चुका है।
रविवार शाम करीब सात बजे वह हैदर अपार्टमेंट के पीछे वाली गली में घर के बाहर टहल रही थीं। कुछ देर बाद घर लौटने पर पैर में दर्द हुआ। देखने पर खून निकलता मिला, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचीं। डाक्टरों ने जांच में गोली लगने की पुष्टि की।
यह भी पढ़ें- इंदौर की हवाई यात्रा हुई महंगी, दीवाली पर कई शहरों का किराया हुआ दोगुना, बसों पर बढ़ेगा दबाव
अस्पताल प्रबंधन ने रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी। बयान में सायरा ने किसी से विवाद या रंजिश होने से इनकार किया और किसी पर संदेह नहीं जताया। उन्हें यह भी पता नहीं है कि गोली किस दिशा से आई। सोमवार को चिरायु अस्पताल में आपरेशन कर गोली निकाल दी गई। शुरुआती आशंका है कि फायरिंग पिस्टल से हुई। पुलिस घटनास्थल के आसपास जांच कर रही है।