
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गणतंत्र दिवस की परेड देश के लिए जितनी खास है, भोपाल के लिए उससे भी कहीं अधिक गौरवशाली होने वाली है। शहर की बेटी कैप्टन हर्षिता राघव 26 जनवरी को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर सेना के साइलेंट वॉरियर्स (मूक योद्धाओं) के उस विशेष दस्ते का नेतृत्व करेंगी, जो पहली बार दुनिया के सामने अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगा।
सेना की रिमाउंट एंड वेटनरी कॉर्प्स की इस टुकड़ी में केवल जवान ही नहीं, बल्कि भारतीय सेना के वह वफादार साथी भी शामिल होंगे, जो दुर्गम सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं। इस मार्च में पहली बार बाज , घोड़े, दो कूबड़ वाले बैक्ट्रियन ऊंट और आर्मी डॉग्स एक साथ कदमताल करते नजर आएंगे। इस पूरी टुकड़ी की कमान कैप्टन हर्षिता के हाथों में होगी।
कैप्टन हर्षिता राघव एक सैन्य अधिकारी हैं। उनके पिता भारतीय वायुसेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिससे देशभक्ति का जज्बा उन्हें विरासत में मिला है। वह आरवीसी में महिला अधिकारियों के उस शुरुआती बैच का हिस्सा हैं, जो अब नेतृत्व की भूमिका में नजर आ रहा है। पहली बार कोई महिला अधिकारी इस विशेष पशु दस्ते का नेतृत्व कर रही हैं। इस परेड के लिए कैप्टन हर्षिता और उनके 'मूक योद्धाओं' ने महीनों तक कड़ा अभ्यास किया है।
हम बता दें कि यह पहला मौका है जब इतने अलग-अलग प्रजातियों के सैन्य जानवरों को एक साथ राष्ट्रीय स्तर की परेड में शामिल किया गया है। कैप्टन हर्षिता उन महिला अधिकारियों के शुरुआती बैच से हैं, जिन्हें फील्ड-ओरिएंटेड कोर में कमान संभालने का मौका मिला है। उनका यह कदम मध्य प्रदेश की उन हज़ारों बेटियों के लिए प्रेरणा है जो भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देखती हैं।
यह भी पढ़ें- Medal for Meritorious Service: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु छत्तीसगढ़ के 10 जांबाज पुलिसकर्मियों को करेंगी सम्मानित