
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सोमवार को नौतपा का पहला दिन तपिश भरा रहा। दिन और रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान छतरपुर जिले का खजुराहो 47.2 डिग्री सेल्सियस के साथ तीसरे और नौगांव 46.8 डिग्री सेल्सियस के साथ चौथे नंबर पर देश के सबसे अधिक तापमान वाले शहरों में शामिल हुआ। देश में पहले नंबर पर उत्तर प्रदेश का बांदा 47.6 डिग्री सेल्सियस और दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले का ब्रह्मपुरी 47.6 डिग्री सेल्सियस के साथ रहा। इस अवधि में खजुराहो और नौगांव, मंडला, टीकमगढ़ और मलाजखंड में तीव्र लू चली। दतिया, गुना, ग्वालियर, रायसेन और राजगढ़ में गर्म रात रही।
प्रदेश के पूर्वी इलाकों में अधिकतम तापमान 42.4 से लेकर 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री से लेकर 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पश्चिमी इलाकों में दिन का पारा 40.6 डिग्री सेल्सियस से लेकर 44.5 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस से लेकर 32.0 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। देखा जाए तो सबसे अधिक पूर्वी इलाके तपे। यहां दिन में मंडला, टीकमगढ़ और मलाजखंड का पारा 45 डिग्री सेल्सियस रहा। छिंदवाड़ा का 30.0 डिग्री सेल्सियस, जबलपुर में 30.1 डिग्री सेल्सियस, टीकमगढ़ में 30.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
पश्चिम क्षेत्र में राजगढ़ 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ टॉप पर रहा। रात का तापमान दतिया में 32.0 डिग्री सेल्सियस, गुना में 31.6 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 32.0 डिग्री सेल्सियस, रायसेन में 31.0 डिग्री सेल्सियस और राजगढ़ में 31.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानी ने बताया कि प्रदेश में 27 मई तक तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। 28 मई से प्री-मानसून की गतिविधियां तेज होंगी, उस दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आएगी। फिलहाल तीन-चार दिन भीषण गर्मी रहेगी।
राजधानी भोपाल में नौतपा का पहला दिन बादलों के साये में रहा। सुबह तीखी धूप ने बेचैन किया और अचानक दो बजे बादलों का जमघट लगने लगा। तीन बजे के बाद शहर में कई स्थानों पर बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलीं। उमरिया में चार मिमी वर्षा दर्ज हुई। इसके अलावा सीहोर, रायसेन, सागर, देवास, बुरहानपुर, कटनी, उमरिया, दमोह, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सीधी, शहडोल, खरगोन, मैहर, हरदा और विदिशा में तेज हवाएं चलीं।
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| भोपाल | 43.4 | 29.6 |
| इंदौर | 41.6 | 28.0 |
| ग्वालियर | 44.0 | 32.0 |
| जबलपुर | 43.9 | 30.1 |
यह भी पढ़ें- त्विषा शर्मा केस: CBI को सौंपने के लिए SIT ने तैयार की केस डायरी, पति समर्थ से कराया क्राइम सीन रिक्रिएट