नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा रविवार को भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी चयन के लिए आयोजित एनडीए और सीडीएस की परीक्षा भोपाल में संपन्न हुई। राजधानी के 19 परीक्षा केंद्रों पर भविष्य के सैन्य अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा। परीक्षा को लेकर युवाओं में इस कदर जज्बा देखा गया कि लगभग 70 प्रतिशत पंजीकृत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने पहुंचे।
परीक्षा सात शिक्षण संस्थानों में आयोजित
राजधानी में सीडीएस की परीक्षा कुल सात शिक्षण संस्थानों में आयोजित की गई थी। यह परीक्षा सुबह नौ बजे से शुरू हुई और दो व तीन सत्रों में संपन्न हुई। वहीं, एनडीए की परीक्षा 12 केंद्रों पर दो सत्रों में आयोजित की गई, जिसका प्रारंभ सुबह 10 बजे से हुआ।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए शासकीय बालक स्टेशन एरिया स्कूल, शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अरेरा कॉलोनी और शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटरा सुल्तानाबाद जैसे प्रमुख सरकारी स्कूलों को उपकेंद्र बनाया गया था।
भोपाल केंद्र पर 3,681 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे
भोपाल केंद्र पर एनडीए परीक्षा के लिए कुल 3,681 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। आंकड़ों के अनुसार, उपस्थिति का औसत 70 प्रतिशत के करीब रहा। पहली पाली (सुबह 10 से 12:30) रही, जिसमें कुल 2,556 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जो कुल पंजीकरण का 69.44% है। वहीं, 1,125 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए।
दूसरी पाली दोपहर दो से 04:30 तक रही। इस सत्र में उपस्थिति मामूली रूप से घटकर 69.22% रही। इसमें 2,548 छात्र शामिल हुए और 1,133 अनुपस्थित रहे। यह परीक्षा उपकेंद्र संख्या 008 से 019 तक कड़ी निगरानी में पूरी की गई।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुई परीक्षा
यूपीएससी की गरिमा के अनुरूप सभी केंद्रों पर सुरक्षा और जांच के कड़े प्रबंध रहे। जैमर और सीसीटीवी की निगरानी के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया था। भीषण गर्मी के बावजूद केंद्रों के बाहर अभिभावकों की कतारें देखी गईं, जो अपने बच्चों के सुनहरे भविष्य की उम्मीद में घंटों तक डटे रहे।
इस परीक्षा केंद्र में 30 मिनट पहले से ही प्रवेश बंद कर दिया गया था। साथ ही सर्वर डाउन होने से फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई।
यह भी पढ़ें- 'मशीनें हैं पर चलाने वाले नहीं', भोपाल रेलवे अस्पताल में सिस्टम फेल; भटक रहे मरीज