
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ड्रग तस्करी के मामले में निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित ईरानी डेरे के सरदार राजू ईरानी के भाई आरोपित हबीब ईरानी उर्फ हबीब अली को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों और महिलाओं ने हमला कर दिया। आरोपित को छुड़ाने के प्रयास में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई और पथराव भी किया गया।
इस दौरान एक बदमाश ने आरक्षक के हाथ को दांत से काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर पांच महिलाओं समेत आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात सूचना मिली थी कि उपद्रव के एक मामले में फरार चल रहा आरोपित हबीब अली पिता अस्मत अली अमन कालोनी स्थित मुजाहिद के घर आया हुआ है। हबीब अली पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित था। सूचना के बाद थाना प्रभारी मनोज पटवा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपित को पकड़ लिया।
आरोपित की गिरफ्तारी होते ही डेरे में रहने वाले कई महिला और पुरुष मौके पर जमा हो गए। उन्होंने पुलिस टीम को घेरकर हबीब अली को छुड़ाने की कोशिश की। इसी दौरान धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी के बीच आरोपित ने आरक्षक राजेंद्र मीणा के हाथ में दांत से काट लिया और भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने पीछा कर उसे दोबारा दबोच लिया।
हमले में आरक्षक राजेंद्र मीणा और हवलदार राजेंद्र राजपूत घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपद्रव बढ़ने पर जोन-3 के अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। बाद में पुलिस ने हालात पर काबू पाया।
यह भी पढ़ें- जल संकट पर इंदौर में सियासी घमासान, राजवाड़ा पर कांग्रेस करेगी धरना प्रदर्शन, जीतू पटवारी भी होंगे शामिल
पुलिस ने यास्मीन पति सफदर अली, नूरी पति अब्बास, कुबरा उर्फ मैथी पिता शौकत, मिंजो पिता शौकत अली, फिजा पति मुख्तार, नाजमा पति हबीब अली, अप्सरा पति साबिर भूरा, मरियम पिता जाकिर अली, नौबार उर्फ नौबहार पति रिजवान, मरियम पिता फजल हुसैन, जीवा उर्फ नूरी पति मुजाहिद, पाकी पति शाहवर, अली अजीज सैयद पिता अजीज, रिजवान हुसैन और सफदर पिता गुलाम ककड़ी सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, पथराव, तोड़फोड़ और शासकीय वाहन क्षति समेत कई धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।