
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नौतपा के छठे दिन शनिवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात पूरा प्रदेश प्री-मानसून गतिविधियों की चपेट में रहा। कहीं आंधी-तूफान की स्थिति रही तो कहीं झमाझम बारिश, वहीं कहीं ओले भी गिरे। इसके चलते सुबह लोगों को भट्टी जैसी तपिश से राहत मिली। हालांकि दोपहर के बाद धूप तीखी जरूर हुई, लेकिन दिन के तापमान पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटों में शिवपुरी, मुरैना, सागर और श्योपुर जिलों में ओले गिरे। वहीं अशोकनगर में 70 और ग्वालियर में 67 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चली।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो भिंड के गोरमी में सबसे ज्यादा 72 मिमी और शिवपुरी के नरवर में 44 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चंबल, ग्वालियर, रीवा संभाग सहित कई इलाकों में बिजली चमकने के साथ तेज बौछारें पड़ीं। शाम को बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में भी ओलावृष्टि हुई।
मालवा-निमाड़ में इंदौर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, धार, खंडवा और शाजापुर सहित कई जिलों में देर रात से सुबह तक आंधी, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा का दौर चला। शाजापुर के मक्सी में ओलावृष्टि हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस बदलाव से प्रदेश के तापमान में बड़ी गिरावट आई है।
दतिया में अधिकतम तापमान में रिकॉर्ड 8.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। इसी तरह खजुराहो का तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस कम 36.4 डिग्री सेल्सियस और नौगांव का तापमान सामान्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस कम 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि नरसिंहपुर 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आगामी दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री की और गिरावट हो सकती है।
| शहर (City) | अधिकतम तापमान (°C)(Maximum Temperature) | न्यूनतम तापमान (°C)(Minimum Temperature) |
| भोपाल (Bhopal) | 40.0 | 25.6 |
| इंदौर (Indore) | 38.8 | 24.4 |
| ग्वालियर (Gwalior) | 35.6 | 21.7 |
| जबलपुर (Jabalpur) | 38.2 | 24.0 |
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में