
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में प्रापर्टी के दाम आसमान पर पहुंचते जा रहे हैं, इसी बीच एक बार फिर पंजीयन विभाग के अधिकारियों ने प्रापर्टी के दामों में 108 प्रतिशत तक वृद्धि की तैयारी करने का प्रस्ताव बनाया है।
इसको लेकर पिछले महीने जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में चर्चा हुई थी लेकिन उसे शनिवार को संपदा साफ्टवेयर पर अपलोड किया है। जिसमें बैरागढ़, गांधीनगर, लालघाटी सहित कई क्षेत्रों में 20 से 108 प्रतिशत तक प्रापर्टी के दामों में वृद्धि प्रस्तावित की गई है।
जानकारी के अनुसार 21 फरवरी को कलेक्ट्रेट में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक हुई थी, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 की कलेक्टर गाइडलाइन के लिए तैयार किए गए प्रस्ताव पर चर्चा की गई थी।
इसमें बताया गया था कि एरोसिटी, कोहेफिजा, करोंद, लांबाखेड़ा, नवीबाग, मेट्रो रेल लाइन, नये औद्योगिक क्षेत्र, नये राजमार्ग के आसपास सहित करीब 621 लोकेशन पर 11 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित की है।
इसके बाद प्रस्ताव को सार्वजनिक नहीं किया गया था, जिससे यह पता नहीं चल पा रहा था कि वास्तव में किन स्थानों पर कितने दाम बढ़ाए जा रहे हैं।
जब नवदुनिया ने प्रस्ताव की पड़ताल की तो पता चला कि बैरागढ़ के सीआरपी लाइन कालोनी में 108 प्रतिशत, लालघाटी चौराहा से एयरपोर्ट तिराहे तक 50 प्रतिशत तक प्रापर्टी के दामों में वृद्धि प्रस्तावित कर दी गई है। जबकि शहर के आसपास विकसित क्षेत्रों में भी 20 से 50 प्रतिशत तक प्रापर्टी के दामों में वृद्धि की जा रही है। ऐसे में आने वाले वित्तीय वर्ष में जमीन, प्लाट, मकान आदि खरीदना बजट से बाहर हो जाएगा।
गाइडलाइन के प्रस्ताव को लेकर अधिकारियों ने लंबे समय तक चुप्पी साध रखी थी। बैठक के 15 दिन बाद पोर्टल पर प्रस्ताव अपलोड किया गया है, जिसे देखने के बाद लोग प्रस्तावित दामों पर दावा-आपत्ति पेश कर सकते हैं।
हालांकि अब लोगों के पास समय भी कम बचा है और आनलाइन प्रक्रिया से अधिकांश लोग अनजान बने हुए हैं। ऐसे में प्रस्ताव पर कम ही आपत्ति जाएंगी और एक बार फिर राजधानी में प्रापर्टी के दामों में वृद्धि वाले प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी जाएगी।
प्रस्तावित गाइडलाइन में लांबाखेड़ा, नवीबाग, एरोसिटी राजाभोज परियोजना, सीटीओ कालोनी, कैलाश नगर, पूजा श्री नगर, लाउखेड़ी बीडीए, हाउसिंग बोर्ड कोहेफिजा, ग्राम पलासी एवं पलासी की अन्य कालोनी, पंचवटी एलआइजी, करोंद, जनता नगर व उसके आसपास की अन्य कालोनियां, बड़बई, नरेला बाजयाफ्त, हिरनखेड़ी, घाटखेड़ी, इनायतपुर, फंदा कलां, बैरागढ़ खुमान, बेहटा, मिनाल शापिंग, अरेड़ी, सूखसेवनियां, ओंकारा सेवनियां, नर्मदापुरम रोड, अरेरा कालोनी, भोपाल रेलवे स्टेशन सहित अन्य क्षेत्रों में प्रापर्टी के दाम बढ़ाने की तैयारी है।
जिले की मुख्य लोकेशन - वर्तमान और प्रस्तावित दरें
(प्रापर्टी की दरें वर्गमीटर में)
| लोकेशन | वर्तमान दरें (आवासीय/व्यवसायिक) | प्रस्तावित दरें (आवासीय/व्यवसायिक) | वृद्धि प्रतिशत |
| सीआरपी लाइन कालोनी | 12,000 / 18,000 | 25,000 / 36,000 | 108 / 100 |
| लालघाटी चौराहा से एयरपोर्ट तिराहे तक | 40,000 / 60,000 | 60,000 / 75,000 | 50 / 25 |
| शंकरदयाल शर्मा चौराहा से लालघाटी, VIP मार्ग | 40,000 / 60,000 | 60,000 / 75,000 | 50 / 25 |
| अमलतास ओएसिस ग्राम कालापानी | 11,000 / 16,500 | 15,000 / 22,500 | 36 / 36 |
| पुरानी विधानसभा व राजभवन क्षेत्र | 68,000 / 1,02,000 | 90,000 / 1,10,000 | 32 / 7.84 |
| कोहेनूर टावर सिंगारचोली एयरपोर्ट रोड | 30,000 / 45,000 | 40,000 / 60,000 | 33 / 33 |
| ग्राम हिनोतिया आलम व अन्य कालाेनियां | 13,000 / 19,500 | 17,000 / 25,500 | 30 / 30 |
| ग्राम सनखेड़ी एवं अन्य कालोनी | 20,000 / 30,000 | 25,000 / 37,500 | 25 / 25 |
| ग्राम नयापुरा एवं अन्य कालोनी | 20,000 / 30,000 | 25,000 / 37,500 | 25 / 25 |
| रूद्राक्ष किंग्स्टन | 50,000 / 75,000 | 60,000 / 90,000 | 20 / 20 |
| स्वर्णकुंज (अमलतास गृह निर्माण) कटारा | 25,000 / 37,500 | 30,000 / 45,000 | 20 / 20 |