भोपाल में PHQ के सामने ही बेखौफ बदमाश: ऑटो सवार महिला टीचर से झपटा पर्स, मंगलसूत्र और मोबाइल ले उड़े
पीएचक्यू के सामने बाइक सवार तीन बदमाश ऑटो के पास पहुंचे और साइड में लटक रहा उनका पर्स झपट लिया। वारदात के बाद तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।
Publish Date: Mon, 21 Sep 2026 11:25:15 PM (IST)Updated Date: Mon, 21 Sep 2026 11:25:15 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो एआई से तैयार की गई है।HighLights
- पीएचक्यू के सामने ऑटो सवार शिक्षिका से लूट
- पर्स झपटकर बाइक सवार तीन बदमाश फरार
- 24 घंटे बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पुलिस मुख्यालय के सामने ही बाइक सवार तीन बदमाश ऑटो सवार शिक्षिका का पर्स झपटकर फरार हो गए। वारदात रविवार देर रात करीब 12 बजे जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में हुई।
महिला छतरपुर से भोपाल पहुंची थी और अपने पति के साथ रेलवे स्टेशन से ऑटो लेकर अरेरा कॉलोनी स्थित घर जा रही थी। वारदात के 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है।
पति के साथ जा रही थी महिला
जहांगीराबाद पुलिस के अनुसार अरेरा कॉलोनी निवासी रितु गुप्ता निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके पति इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। रविवार रात वह छतरपुर से भोपाल पहुंचीं। रेलवे स्टेशन से पति के साथ ऑटो में बैठकर घर जा रही थीं।
इसी दौरान पीएचक्यू के सामने बाइक सवार तीन बदमाश ऑटो के पास पहुंचे और साइड में लटक रहा उनका पर्स झपट लिया। वारदात के बाद तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।
मंगलसूत्र और मोबाइल भी गए
पर्स में मोबाइल फोन, मंगलसूत्र और अन्य सामान रखा था। घटना के बाद महिला जहांगीराबाद थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।