भोपाल स्टेशन पर खाने में निकला कीड़ा, फूड सेफ्टी को लेकर उठे सवाल
भोपाल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर फूड सेफ्टी को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 08 Mar 2026 04:52:02 AM (IST)Updated Date: Sun, 08 Mar 2026 04:52:02 AM (IST)
भोपाल स्टेशन पर खाने में निकला कीड़ा। (AI Generated)HighLights
- भोपाल स्टेशन पर खाने में निकला कीड़ा।
- फूड सेफ्टी को लेकर उठे सवाल।
- फोटो व वीडियो किए शेयर।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर फूड सेफ्टी को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। स्टेशन के फूड कोर्ट में परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
शनिवार को वैभव दहरवाल ने आरोप लगाया कि उसे जो खाना दिया गया, उसमें कीड़ा निकला। इस घटना के बाद स्टेशन पर मिलने वाले भोजन की साफ-सफाई और गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पाड सुविधा के खाने में लापरवाही
जानकारी के अनुसार यात्री प्लेटफार्म नंबर 6 पर स्थित आईआरसीटीसी की पाड सुविधा में ठहरे हुए थे। यह सुविधा नमः एंटरप्राइजेज द्वारा संचालित की जा रही है। यात्री ने वहीं से खाने का ऑर्डर किया था।
जब वह खाना खाने लगे तो उसमें से कीड़ा निकल आया। यह देखकर यात्री हैरान रह गया और उसने तुरंत इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
फोटो व वीडियो किए शेयर
वैभव का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का खाना परोसना बेहद गंभीर मामला है। यहां रोजाना हजारों यात्री आते-जाते हैं और बड़ी संख्या में लोग स्टेशन के फूड कोर्ट या कैटरिंग सेवाओं से खाना लेते हैं।
ऐसे में अगर खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा जाएगा तो यात्रियों की सेहत को खतरा हो सकता है। वैभव ने इस मामले की शिकायत रेलवे अधिकारियों को भेज दी है। उसने खाने में मिले कीड़े के फोटो और वीडियो भी शेयर किए हैं। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की मांग उठने लगी है।
नियमित जांच की मांग
इस घटना के सामने आने के बाद स्टेशन पर मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर यात्रियों में नाराजगी भी देखी जा रही है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे परिसर में संचालित फूड कोर्ट और कैटरिंग सेवाओं की नियमित जांच होनी चाहिए। साथ ही खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सख्त निगरानी जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
अधिकारियों की चुप्पी
इस संबंध में जब आईआरसीटीसी के रीजनल मैनेजर राजा भट्टाचार्य से फोन और संदेश के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने न तो फोन उठाया और न ही संदेश का कोई जवाब दिया।