
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल का मुख्य रेलवे स्टेशन जल्द ही आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप में विकसित किया जाएगा। रेलवे ने स्टेशन री-डेवलपमेंट के लिए करीब 100 करोड़ रुपए की योजना बनाई है, जिसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर लागू किया जाएगा। फिलहाल टेंडर और बिडिंग प्रक्रिया के नियम तय किए जा रहे हैं तथा प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को मंजूरी के लिए भेजा गया है।
स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। रेलवे का लक्ष्य करीब डेढ़ वर्ष में परियोजना पूरी करना है। स्टेशन का विकास रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक डिजाइन और बेहतर यात्री सेवाओं के साथ किया जाएगा।
इस परियोजना की सबसे खास बात स्टेशन की नई डिजाइन होगी। प्लेटफार्म नंबर-1 की ओर मौजूद पुरानी और नई स्टेशन बिल्डिंग को मिलाकर एक भव्य भवन तैयार किया जाएगा। इसका डिजाइन प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा।
अभी स्टेशन भवन का क्षेत्रफल करीब 4,238 वर्गमीटर है, लेकिन री-डेवलपमेंट के बाद यह बढ़कर 6,532 वर्गमीटर हो जाएगा। यानी यात्रियों के लिए ज्यादा जगह, बेहतर सुविधाएं और व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध होगी। स्टेशन परिसर में आधुनिक वेटिंग हॉल, बेहतर टिकट काउंटर, डिजिटल सूचना प्रणाली, साफ-सुथरे शौचालय और आरामदायक बैठने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
स्टेशन के दूसरे चरण में 90 मीटर लंबा और 72 मीटर चौड़ा एयर कॉन्कोर्स (स्काई-वे) बनाया जाएगा, जो सभी प्लेटफार्म को जोड़ेगा। इससे यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में आसानी होगी। पर्याप्त जगह होने से भीड़भाड़ कम होगी और व्यस्त समय में भी आवागमन अधिक सुविधाजनक रहेगा।
री-डेवलपमेंट योजना के तहत स्टेशन पर कुल 40 लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव है। यह सुविधा खासतौर पर बुजुर्ग यात्रियों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और भारी सामान लेकर यात्रा करने वालों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। वर्तमान में कई यात्रियों को सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है, लेकिन नई व्यवस्था में उन्हें काफी राहत मिलेगी।
स्टेशन पर यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए एक नए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) भी बनाए जाएंगे। इससे प्लेटफार्मों के बीच आवाजाही आसान होगी और भीड़ का दबाव कम होगा। वर्तमान में कई बार ट्रेनों के एक साथ आने पर फुट ओवरब्रिज पर भीड़ बढ़ जाती है, जिससे यात्रियों को परेशानी होती局।
परियोजना पूरी होने के बाद भोपाल स्टेशन राजधानी की नई पहचान बनेगा। आधुनिक सुविधाएं, आकर्षक भवन, बेहतर यात्री प्रबंधन और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर इसे देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल करेंगे। यहां यात्रियों को भोपाल की संस्कृति और विकास की झलक भी मिलेगी।