
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। भोपाल में चल रहे किसानों के बड़े आंदोलन के बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत, राष्ट्रीय महासचिव व जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष युद्धवीर सिंह, राष्ट्रीय सचिव राजवीर सिंह एवं मध्य प्रदेश के प्रभारी गजेंद्र सिंह परिहार गुरुवार को राजगढ़ जिले में आएंगे।
उक्त आशय की जानकारी देते हुए यूनियन के राजगढ़ जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह तोमर खैरासी ने बताया कि यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत सहित कई राष्ट्रीय नेता सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश से होते हुए गुरुवार रात करीब 8 बजे राजगढ़ के समीपस्थ गांव खैरासी पहुंचेंगे। यहां पर वह पत्रकारों से चर्चा कर वर्तमान में किसानों के हालातों पर प्रकाश डालेंगे। वह किसानों के साथ तौल-मौल में हो रहे पक्षपात व किसानों के शोषण पर प्रकाश डालेंगे।
वह रात्रि विश्राम करने के बाद 31 जुलाई को झाबुआ में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झाबुआ जाएंगे। वहां से वह गुजरात के लिए रवाना होंगे। महेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि फिलहाल भोपाल में चल रहे आंदोलन को लेकर उनका कोई कार्यक्रम तो नहीं है, लेकिन राजगढ़ पहुंचने के बाद वह क्या तय करते हैं यह वह ही बता पाएंगे।
यह भी पढ़ें- दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा और अवधेश नायक के समर्थकों पर टिकीं निगाहें, 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को परिणाम