रंगपंचमी पर रंगों से सराबोर होगा भोपाल, पुराने और नए शहर में झांकियों, ढोल-ताशों और गुलाल मशीनों के साथ निकलेगा भव्य जुलूस
भोपाल में इस वर्ष रंगपंचमी 8 मार्च को मनाई जाएगी। होली के पांच दिन बाद आने वाला यह पर्व उत्साह और परंपरा के साथ आयोजित होगा। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 07 Mar 2026 09:46:13 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Mar 2026 09:46:13 AM (IST)
भोपाल में 8 मार्च को मनाई जाएगी रंगपंचमी (AI generated Image)HighLights
- नए भोपाल में भी निकलेगा भव्य रंगपंचमी चल समारोह
- शिव-पार्वती और मसान होली की झांकियां बनेंगी आकर्षण
- गुलाल मशीनों और पिचकारियों से रंगों की होगी बरसात
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: होली के पांच दिन बाद मनाया जाने वाला रंगपंचमी का पर्व इस वर्ष 8 मार्च को मनाया जाएगा। मान्यता है कि रंगपंचमी के साथ ही होली पर्व का समापन होता है। इस अवसर पर धुलेंडी की तरह रंग-गुलाल के साथ उत्सव मनाया जाएगा और शहर में पारंपरिक चल समारोह भी निकाले जाएंगे।
पंचांग के अनुसार 8 मार्च को पर्व
हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र महीने के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि की शुरुआत 7 मार्च को शाम 7 बजकर 17 मिनट से होगी। यह तिथि 8 मार्च को रात 9 बजकर 10 मिनट पर समाप्त होगी। उदया तिथि के आधार पर रंगपंचमी का पर्व रविवार 8 मार्च को मनाया जाएगा।
पुराने और नए भोपाल में निकलेंगे जुलूस
रंगपंचमी के अवसर पर भोपाल में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक समितियों द्वारा आयोजन किए जाएंगे। हिंदू उत्सव समिति पुराने शहर में पारंपरिक और भव्य चल समारोह निकालने की तैयारी कर रही है। वहीं नया भोपाल त्यौहार उत्सव समिति द्वारा नए शहर में भी आकर्षक जुलूस निकाला जाएगा।
शिव-पार्वती की होली की झांकी बनेगी आकर्षण
समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी और रंगपंचमी संयोजक प्रकाश मालवीय के अनुसार इस बार का चल समारोह पहले से अधिक आकर्षक और भव्य होगा। इसमें भगवा ध्वज, ऊंट, घोड़े, ढोल-ताशे, डीजे और बैंड की धुनों के साथ शहर रंगों के उत्सव में डूबा दिखाई देगा।
चल समारोह में कई धार्मिक झांकियां भी शामिल होंगी। इनमें भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के साथ होली खेलते हुए दिव्य स्वरूप की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
मसान होली और देशभक्ति की झांकी
इस आयोजन में भूत-प्रेतों द्वारा मसान की होली की अनोखी झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी, जो पारंपरिक और आध्यात्मिक भाव को दर्शाएगी। इसके अलावा टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम की विजय की शुभकामनाओं से जुड़ी एक विशेष झांकी भी निकाली जाएगी, जो युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ाएगी।
गुलाल मशीनों से रंगों की बरसात
रंगपंचमी के इस भव्य आयोजन में सतरंगी गुलाल मशीनों से आसमान रंगों से सराबोर किया जाएगा। पूरे चल समारोह मार्ग पर पिचकारियों से रंगों की बौछार की जाएगी, जिससे उत्सव का आनंद और भी बढ़ेगा।