
नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। राजधानी भोपाल में कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआइ के एक पदाधिकारी पर दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। हरदा जिले की मूल निवासी और भोपाल के एक कामकाजी महिला हास्टल में रहने वाली 23 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़िता भी एक संगठन से जुड़ी हुई है। पीडिता ने पुलिस को बताया कि 10 जुलाई को दिनभर सांगठनिक कार्यक्रम करने के बाद एनएसयूआई नेता (जिला महामंत्री) सुभाष यादव बैठक के बहाने युवती को रत्नागिरी स्थित एक फ्लैट पर ले गया। रात अधिक होने के कारण युवती हास्टल नहीं लौट सकी और फ्लैट पर ही रुक गई।
आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे सुभाष ने उसके साथ बदतमीजी की और विरोध करने पर मारपीट कर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपित ने किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि उसे शिकायत करने से रोकने के लिए संगठन के लोगों द्वारा घेराबंदी कर भारी दबाव बनाया जा रहा था।
इस मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने खुदकुशी करने की कोशिश भी की। पिपलानी टीआई चंद्रिका यादव ने बताया कि आरोपित सुभाष यादव के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपित की सरगर्मी से तलाश कर रही है।