नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मानसून सीजन के दौरान दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले भोपाल मंडल के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। पश्चिम मध्य रेल से संचालित गाड़ी संख्या 02198/02197 जबलपुर-कोयंबटूर-जबलपुर साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन की समय सारिणी में आंशिक परिवर्तन किया गया है, लेकिन भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाले प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मानसून के दौरान कोंकण रेलवे क्षेत्र के लिए लिया गया निर्णय
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मानसून के दौरान कोंकण रेलवे क्षेत्र में ट्रेनों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन को ध्यान में रखते हुए यह परिवर्तन लागू किया गया है। हालांकि जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवाड़ा, पिपरिया, इटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, पनवेल और रोहा स्टेशनों पर ट्रेन का संचालन पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही होगा। इससे भोपाल मंडल और आसपास के क्षेत्रों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने यात्रा कार्यक्रम में बदलाव नहीं करना पड़ेगा।
इन स्टेशनों के समय में किया गया है आंशिक परिवर्तन
वहीं कोंकण रेलवे क्षेत्र के खेड़, चिपलुन, रत्नागिरी, कणकवली, कुडाल, थीवम, मडगांव जंक्शन, कारवार, कुमटा, उडुपी, मंगलुरु जंक्शन, कासरगोड, कन्नूर, कोजीकोड, शोरनूर जंक्शन, पालक्काड जंक्शन और कोयंबटूर जंक्शन सहित कई स्टेशनों के समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है।
यह भी पढ़ें- वीडियो कॉल पर कपड़े उतरवाए, फिर ब्लैकमेल कर किया दुष्कर्म, पन्ना में दो आरोपी गिरफ्तार; तीसरा फरार
ट्रेन संचालन के दिन और समय की पूरी जानकारी
गाड़ी संख्या 02198 जबलपुर-कोयंबटूर सुपरफास्ट स्पेशल 19 जून से 16 अक्टूबर तक प्रत्येक शुक्रवार को जबलपुर से रात 11:50 बजे रवाना होकर तीसरे दिन रविवार शाम 5:10 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 02197, 15 जून 2026 से 19 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को कोयंबटूर से दोपहर 3:10 बजे चलकर बुधवार सुबह 8:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी।