
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए पीएमश्री और सांदीपनि स्कूलों पर सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है। शिक्षा विभाग दावा भी करता है कि इन स्कूलों को निजी कॉन्वेंट स्कूलों की टक्कर का बनाया जा रहा है, लेकिन मैदानी हकीकत कुछ और है। दो वर्ष पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पत्राचार के बाद प्रदेश भर में 130 नए सीएम राइज स्कूल शुरू करने की मंजूरी मिली थी। विभाग ने दावा किया था कि मंजूरी के बाद छह माह में कागजी प्रक्रिया पूरी कर इसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन मैदानी स्थिति ऐसी नहीं है।
आधे से ज्यादा जिलों में सांदीपनि विद्यालय का प्रोजेक्ट पिछड़ा हुआ है। कहीं जमीन नहीं मिली तो कहीं टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। सरकार ने जब 2022 में सीएम राइज स्कूल बनाने की घोषणा की थी तो डेढ़ साल की समय-सीमा निर्धारित की थी, लेकिन तीन साल से अधिक बीतने के बाद भी स्कूल भवन तैयार नहीं हो पाया।
अब तक 161 स्कूलों का भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं 97 स्कूल नए भवन में शिफ्ट हो गए हैं, जबकि 64 स्कूल भवन का लोकार्पण बाकी है। बता दें, कि प्रदेश के करीब नौ हजार सरकारी स्कूलों को सीएम राइज स्कूल बनाया जाना है। पहले चरण में 274 स्कूलों को चिन्हित किया गया है। वहीं राजधानी के आठ स्कूलों को चिह्नित किया गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआइ) की ओर से राजधानी के सीएम राइज स्कूलों के भवन निर्माण के लिए करीब 327 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें एक शासकीय कन्या कमला नेहरू स्कूल जुलाई में नए भवन में शिफ्ट हुआ है। वहीं दूसरा शासकीय हाईस्कूल बर्रई बुधवार को नए भवन में शिफ्ट हो गया। वहीं दो स्कूल शासकीय उमावि करोंद और शासकीय उमावि बालक बैरसिया का कार्य लगभग पूरा हो गया है, मार्च या अप्रैल तक नए भवन में बच्चे पढ़ाई करेंगे।
स्कूल - बजट(करोड़) - निर्माण कार्य
शासकीय कन्या कमला नेहरू स्कूल - 36.06 - नए भवन में शिफ्ट
शासकीय हाईस्कूल बर्रई- 35.6 - नए भवन में शिफ्ट
शासकीय उमावि बालक बैरसिया- 50.73 - 100 फीसद मेसेनरी वर्क पूर्ण
शासकीय उमावि करोंद- 35.6 - 99 फीसद कार्य पूर्ण
शासकीय उमावि निशातपुरा- 35.13 - 60 फीसद कार्य पूर्ण
शासकीय उमावि कन्या गोविंदपुरा- 23.71 - 49 फीसद कार्य पूर्ण
शासकीय उमावि महात्मा गांधी, भेल- 81.11 - 40 फीसद स्ट्रक्चर कार्य पूर्ण
शासकीय उमावि कन्या बरखेड़ी,जहांगीराबाद- 31.34 - पांच फीसदी कार्य पूर्ण
यह भी पढ़ें- Indore Metro: बड़ा गणपति मेट्रो स्टेशन के लिए अगले सप्ताह हटाए जाएंगे 16 मकान, 16 मकानों के बदले 28 फ्लैट की मांग
प्रदेश के सीएम राइज स्कूल - 275
भवन निर्माण के लिए बजट - 10 हजार करोड़
भोपाल जिले के सीएम राइज स्कूल - आठ
भवन निर्माण के लिए बजट - 327 करोड़
कितने स्कूल नए भवन में शिफ्ट हो गए- 97
कितने स्कूल का भवन बनकर तैयार है - 64
मार्च-अप्रैल तक प्रदेश के 64 स्कूल भवनों का लोकर्पण कर दिए जाने की संभावना है।- पीके सिंह, प्रभारी, सांदीपनि विद्यालय प्रोजेक्ट